रेलवे में पदोन्नति परीक्षाएं अब आरआरबी और सीबीटी के माध्यम से होंगी, पूरी प्रक्रिया होगी पारदर्शी और सुरक्षित

रेलवे बोर्ड ने पिछले कुछ वर्षों में आरआरबी द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा संचालन के सफल अनुभव को देखते हुए यह निर्णय लिया है। 2015 से अब तक 7 करोड़ से अधिक उम्मीदवारों की परीक्षा बिना किसी पेपर लीक, प्रतिरूपण या अन्य धोखाधड़ी के आयोजित की गई हैं। सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना समाप्त हो जाती है।

नई दिल्ली। रेलवे बोर्ड द्वारा आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि अब सभी विभागीय पदोन्नति परीक्षाएं रेलवे भर्ती बोर्ड या केंद्रीयकृत कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। इस निर्णय का उद्देश्य परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाना है। रेलवे बोर्ड ने पिछले कुछ वर्षों में आरआरबी द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा संचालन के सफल अनुभव को देखते हुए यह निर्णय लिया है। 2015 से अब तक 7 करोड़ से अधिक उम्मीदवारों की परीक्षा बिना किसी पेपर लीक, प्रतिरूपण या अन्य धोखाधड़ी के आयोजित की गई हैं। सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना समाप्त हो जाती है।

रेलवे बोर्ड ने परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने के लिए कई तकनीकी और निगरानी उपाय लागू किए हैं। 100% सीसीटीवी निगरानी और रिकॉर्डिंग, परीक्षा से 2 घंटे पहले और 1 घंटे बाद तक। आईपी-आधारित हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी मॉनिटरिंग की जाएगी। बाथरूम ब्रेक की अनुमति नहीं होगी व परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। कम से कम 250 नोड्स क्षमता वाले परीक्षा केंद जिनमें बिजली बैकअप और निर्बाध इंटरनेट सुविधा होगी। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर और बॉडी स्कैनर से जांच की जाएगी। रेलवे बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की तकनीकी आवश्यकताओं को भी सख्त किया है, जिससे परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी रोकी जा सके।
परीक्षा के 10 दिन पहले परीक्षा शहर की जानकारी दी जाएगी।

परीक्षा के 4 दिन पहले परीक्षा केंद्र की जानकारी मिलेगी। 256-बिट एन्क्रिप्शन तकनीक से प्रश्न पत्र को सुरक्षित रखा जाएगा और लॉगिन के बाद ही इसे डिक्रिप्ट किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों को उनके प्रश्न पत्र, उत्तर पुस्तिका और सही उत्तर कुंजी दिखाई जाएगी। रेलवे बोर्ड के इस निर्णय से पदों पर भर्ती और पदोन्नति परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित होगी। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब सभी परीक्षाएं डिजिटल माध्यम से आयोजित होंगी, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न के बराबर हो जाएगी।