‘संभव’ में जनता की समस्याओं पर त्वरित एक्शन, नगर आयुक्त ने दिए मौके पर समाधान के निर्देश

-शास्त्री नगर एम ब्लॉक में एक घंटे के भीतर दुरुस्त हुई हाई मास्ट लाइट, लोगों ने जताया आभार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा संचालित जनसमस्या समाधान मंच ‘संभव’ के अंतर्गत मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जनसुनवाई करते हुए प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। संभव के दौरान कुल आठ संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश निर्माण विभाग से संबंधित रहे। नगर आयुक्त के निर्देश पर संबंधित विभागों की टीमों को मौके पर भेजते हुए समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया तुरंत शुरू कराई गई। जनसुनवाई के दौरान प्रकाश व्यवस्था, जलकल, संपत्ति एवं कर से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं, जिन पर विभागीय अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि संभव मंच का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उसी दिन समाधान तक पहुंचना है, जिससे नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

संभव के अंतर्गत दयानंद नगर से निर्माण कार्यों से जुड़ा प्रकरण, नेहरू नगर से जल पाइपलाइन संबंधी शिकायत, गोविंदपुरम से पार्क की दीवार मरम्मत, नंदग्राम से हाई मास्ट लाइट, डी-ब्लॉक गोविंदपुरम से सर्विस रोड निर्माण, गांधीनगर से गृहकर, वैशाली से नाला निर्माण तथा विजयनगर से निगम भूमि को कब्जा मुक्त कराने से संबंधित संदर्भ प्राप्त हुए। सभी मामलों में संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश देकर कार्रवाई कराई गई। कार्यक्रम के दौरान शास्त्री नगर से हाई मास्ट लाइट खराब होने की शिकायत सामने आई, जिस पर नगर आयुक्त के निर्देश पर प्रकाश विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मात्र एक घंटे के भीतर शास्त्री नगर एम ब्लॉक की हाई मास्ट लाइट को ठीक कर प्रकाश व्यवस्था बहाल कर दी। समस्या के त्वरित समाधान से क्षेत्रवासियों ने संतोष व्यक्त करते हुए नगर निगम और प्रकाश विभाग का आभार जताया।

संभव जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी प्रकाश आश कुमार तथा प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह उपस्थित रहे। इसके साथ ही पार्षद हिमांशु शर्मा, नीरज गोयल, शीतल, नितिन एवं सुमन लता ने भी नगर आयुक्त से मुलाकात कर अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभव में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निस्तारण तद्-दिवस ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है और त्वरित कार्रवाई के चलते नागरिकों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।