नगर निगम में संभव जनसुनवाई, नगर आयुक्त ने शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

-चार विभागों से प्राप्त शिकायतों पर मौके पर ही कार्रवाई शुरू
-गृहकर, निर्माण, रोड स्वीपिंग और जल आपूर्ति से संबंधित संदर्भों का समाधान
-नगर आयुक्त ने अधिकारियों को शिकायतों की निरंतर मॉनिटरिंग और प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए
-संभव मंच के माध्यम से नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को सशक्त बनाने पर बल
-शहरवासियों को बेहतर सेवाएं और स्वच्छ, सुगठित एवं आधुनिक शहर बनाना निगम का उद्देश्य: विक्रमादित्य सिंह मलिक

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित ‘संभव’ जनसुनवाई में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नागरिकों से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान कुल चार संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें निर्माण विभाग, जलकल विभाग, स्वास्थ्य विभाग और कर (टैक्स) विभाग से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। नगर आयुक्त ने इन सभी संदर्भों पर विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समाधान समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से किया जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि ‘संभवÓ मंच नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है, जिसके माध्यम से जनसामान्य अपनी समस्याएं सीधे नगर निगम के समक्ष रख सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त चारों संदर्भों पर विभागों ने मौके पर ही कार्रवाई शुरू कर दी। ग्राम करेड़ा से प्राप्त गृहकर (हाउस टैक्स) संबंधी शिकायत पर कर विभाग ने रिकॉर्ड की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दीनदयाल पुरी, नंदग्राम क्षेत्र से निर्माण विभाग से जुड़ा संदर्भ प्राप्त हुआ, जिस पर टीम ने स्थल निरीक्षण कर तत्काल समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ की। सदरपुर मार्ग से रोड स्वीपिंग और पानी छिड़काव से संबंधित शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफाई व छिड़काव कार्य कराया। वहीं जलकल विभाग को भी जल आपूर्ति से जुड़ी शिकायत प्राप्त हुई, जिस पर विभागीय कर्मचारियों ने आवश्यक कदम उठाए। नगर आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिकों की शिकायतों की मॉनिटरिंग (निगरानी) निरंतर की जाए और समाधान की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने कहा कि संभव के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई ही जनता के विश्वास को मजबूत करती है। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त, महाप्रबंधक जलकल कामाख्या प्रसाद आनंद, प्रभारी उद्यान डॉक्टर अनुज, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह, प्रभारी प्रकाश आश कुमार सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने अंत में कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर नागरिक सेवाएं प्रदान करना है। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि कोई भी शिकायत बिना निस्तारण के लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग और प्रशासन की तत्परता से ही गाजियाबाद को एक स्वच्छ, सुगठित और आधुनिक शहर बनाया जा सकता है।