नस्लीय हिंसा : 100 से ज्यादा नागरिकों की मौत

इथोपिया में बंदूकधारियों ने चलाई अंधाधुंध गोलियां

नैरोबी। इथोपिया में भीषण नस्लीय नरसंहार प्रकाश में आया है। कुछ हथियारबंद बदमाशों ने बेसकूर नागरिकों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस दरम्यान 100 से ज्यादा नागरिकों की मौत हो गई। इस घटना के बाद देशभर में हड़कंप मच गया। इथोपिया के मानवाधिकार आयोग ने घटना का संज्ञान ले लिया है। इथोपिया के तिगरय क्षेत्र में यह नरसंहार सामने आया है। मेतेकेल जोन के पश्चिमी बेनिशांगुल-गुमुज क्षेत्र में यह घटना घटी। जहां बेखौफ बंदूकधारियों ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। इथोपिया के मानवाधिकार आयोग ने कहा है कि देश के पश्चिमी हिस्से में बुधवार को हुई इस सामूहिक नस्लीय हिंसा में 100 से ज्यादा नागरिक मारे गए हैं। बंदूकधारियों ने बुले काउंटी के बेकोजी गांव पर हमला कर नागरिकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। कई नागरिकों ने गांव से भाग कर अपनी जान बचाई। वहां अलग-अलग जातियों के परिवार रहते हैं। हमले के समय ग्रामीण अपने घरों में सो रहे थे। प्रधानमंत्री आबी अहमद ने एक दिन पहले इस क्षेत्र का दौरा किया था। उन्होंने कुछ दिन पहले प्रकाश में आए हमलों के दोषियों को सजा देने की बात कही थी। इथोपिया में नस्लीय हिंसा आबी के लिए बड़ी चुनौती है। चूंकि वह 80 से अधिक जातीय समूह के देश में एकता को बढ़ावा देने की बात कर रहे हैं। प्रधानमंत्री अबी अहमद बार-बार यह भरोसा दिलाते रहे हैं कि इथोपिया गृह युद्ध की ओर नहीं जा रहा है। आबी अहमद लोकतांत्रिक सुधारों की बात करते हैं। उन्हें पिछले साल नोबल शांति पुरस्कार भी मिल चुका है। मानवाधिकार आयोग ने मृतकों की संख्या 200 तक होने की आशंका जाहिर की है। गुमुज समुदाय के नागरिकों ने अमहारा, ओरोमो और शिनासा जाति के नागरिकों पर हमला किया है। अफ्रीका के दूसरे सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले देश में पिछले 2 साल से नस्लीय हिंसा के मामले बढ़े हैं। इथोपिया के उत्तरी तिगरय क्षेत्र में सेना विद्रोहियों से लड़ रही है।