कमल की आइटम भाषा से राहुल गांधी नाराज

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को नसीहत दी

वायनाड। मध्य प्रदेश की भाजपा नेत्री इमरती देवी के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा अभद्र टिप्पणी किए जाने पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि महिलाएं हमारी शान हैं। वह ऐसी भाषा की सराहना नहीं करते हैं। वायनाड सांसद राहुल गांधी ने यह बयान देकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को आईना दिखा दिया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में 3 दिन की यात्रा पर हैं। वायनाड में पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान पर असहमति जताई। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार नहीं कर सकता है। राहुल ने कहा कि मुझे व्यक्तिगत रूप से भाषा पसंद नहीं है। मैं कमलनाथ की भाषा की सराहना नहीं करता हूं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हम महिलाओं के साथ व्यवहार करते हैं, उसे सुधारने की आवश्यकता है। इस दरम्यान उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के कारण दुनिया बेहद खराब दौर से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना काल में अर्थव्यवस्था को पुन: खड़ा करने की दिशा में केंद्र ने कोई प्रयास नहीं किया। बिना तैयारी के लॉक डाउन लागू किए जाने से जनता को विकट परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कोरोना के खिलाफ संघर्ष में केरल के नागरिकों की प्रशंसा की। राहुल गांधी ने कहा कि वायनाड की हालत काफी अच्छी है। वायनाड में 3 दिन की यात्रा के दरम्यान राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा क्षेत्र की जनता से मुलाकात करेंगे। बता दें कि मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने भाजपा की महिला उम्मीदवार इमरती देवी को आइटम बताया था। मप्र में विधान सभा की कुछ सीटों पर उप-चुनाव होने हैं। चुनावी तैयारी में दोनों प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस तेजी से जुटे हैं।