ड्रग्स केस : अभिनेता अर्जुन रामपाल के घर छापा

मादक पदार्थों की तलाश में पहुंची एनसीबी टीम

मुंबई। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने सोमवार को बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल के आवास पर छापा मारा। वहां ड्रग्स होने की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। एनसीबी ने इसके पहले अर्जुन की गर्लफ्रेंड गेब्रिएला के भाई को गिरफ्तार किया था। उधर, रविवार को फिल्म प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के आवास पर भी रेड डाली गई थी। बाद में फिरोज की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया था। एनसीबी के समक्ष फिरोज की भी पेशी हुई है। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग्स एंगल सामने आने के बाद से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) मुंबई में सक्रिय है। कुछ ड्रग्स पेडलर्स की गिरफ्तारी भी हुई है। नामचीन फिल्म अभिनेत्रियों से पूछताछ की गई है। इसी सिलसिले में एनसीबी की टीम ने सोमवार की सुबह अभिनेता अर्जुन रामपाल के बांद्रा स्थित घर पर छापामार कार्रवाई की। बताया गया है कि अर्जुन के घर एनसीबी की टीम ड्रग्स की तलाश कर रही है, उन्हें इसकी सूचना सूत्रों से मिली है। तलाशी के दरम्यान एनसीबी की टीम ने किसी को भी घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। पिछले माह अर्जुन रामपाल की गर्लफ्रेंड गेब्रिएला के भाई को ड्रग्स केस में एनसीबी ने गिरफ्तार किया था। इसी कड़ी में एनसीबी ने रविवार को बॉलीवुड के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के घर छापा मारा था। खबर है कि फिरोज के आवास से एनसीबी को कुछ ड्रग्स बरामद हुए हैं। इस कार्रवाई के समय नाडियाडवाला अपने घर पर नहीं थे। बता दें कि ड्रग्स केस में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती सहित लगभग 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। रिया को अक्तूबर में बेल मिल गई थी। उन्होंने 28 दिन न्यायिक हिरासत में बिताए हैं। रिया से पहले उनके भाई शोविक चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया था। वह अभी भी कस्टडी में हैं। शोविक की बेल की अर्जी कोर्ट से खारिज हो चुकी है।