रेलवे का ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान जोरों पर

नई दिल्ली। उत्तर रेलवे द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत एक अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रेलवे ने स्वच्छता पर पूरा ध्यान दिया है। महात्मा गांधी के सपने को साकार करने और स्वच्छता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए “स्वच्छता ही सेवा” अभियान छेड़ा गया है। 2 अक्टूबर को देशभर में गांधी जयंती मनाई जाएगी। कार्यक्रम की थीम “स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता” है। स्वच्छता ही सेवा अभियान के दूसरे दिन बुधवार को उत्तर रेलवे मंडल अस्पताल, आनंद विहार स्वास्थ्य यूनिट एवं पंजाबी बाग स्वास्थ्य यूनिट में “सफाई मित्र शिविर” का आयोजन किया गया।

स्वास्थ्य जांच शिविर में हाउस कीपिंग अटेंडेंट्स के बी.पी., शुगर, दांत, आंख, नाक और कान की जांच की गई। हाउस कीपिंग अटेंडेंट्स को सुरक्षा पी.पी.ई. कीट भी वितरित किए गए। इसके अलावा गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के कर्मियों द्वारा पौधे लगाए गए। स्टेशन क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। अभियान को लेकर रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह है। रेलवे स्टेशन, रेलवे कॉलोनियों और स्टाफ क्वार्टर में स्वच्छता पर ध्यान दिया गया है। अभियान में रेलवे कर्मचारी शिद्दत से जुटे हैं। अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।