-रेन वाटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से बढ़ेगा जलस्तर, सभी करें सहयोग: महापौर
गाजियाबाद। नगर निगम शहर के जलस्तर को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। कहीं रेन वाटर हार्वेस्टिंग का कार्य तो कहीं तालाब का कार्य, ऐसे ही नगर आयुक्त एवं जलकल विभाग के अधिकारी भी जलस्तर के कार्यो को प्रमुखता से आगे बढ़ा रहे हैं। बारिश का मौसम आ गया है इस समय नगर निगम अपने रेन वाटर हार्वेस्टिंग को चालू करले जिससे कि बारिश का पानी भूमि के अंदर जा सके और क्षेत्र का जलस्तर बढ़ सके। इसी क्रम में महापौर सुनीता दयाल ने शनिवार को जलकल के अधिकारियों के साथ बैठक की।
जिसमें नगर निगम क्षेत्र में लगभग 115 रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगे हुए है उनपर चर्चा की। वसुंधरा ज़ोन में 26, मोहन नगर जोन में 19, कविनगर ज़ोन में 26, विजयनगर ज़ोन में 23 और सिटी ज़ोन में 21 लगे हुए है। जिसकी सूची महापौर सुनीता दयाल ने सभी पार्षदों को व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराते हुए कहा कि सूची से सभी पार्षद अपने-अपने क्षेत्र के रेन वाटर हार्वेस्टिंग का पता देख कर स्थल का निरीक्षण कर लें और रेन वाटर हार्वेस्टिंग में किसी प्रकार का कोई कार्य होना है या उसकी नाली की साफ सफाई होनी है अपने जलकल विभाग के अवर अभियंता एवं मेरे कार्यालय में सूचित करें।
जिससे यह कार्य तेजी से किया जा सके। इसके साथ-साथ सभी जलकल अधिकारियों को भी बैठक में निर्देश दिए कि आपके क्षेत्र के पार्षद रेन वाटर हार्वेस्टिंग को सुचारू करने को कहें तो उसपर कार्यवाही होनी चाहिए। इसी के क्रम में आज से ही जलकल विभाग के अधिकारियों ने अपने कर्मचारियों से रेन वाटर हार्वेस्टिंग की साफ सफाई आदि का कार्य शुरू कर दिया। सबसे पहले वार्ड-14 विजय नगर एवं वार्ड-72 कौशाम्बी में शुरू किया गया।


















