-जल शक्ति अभियान, कैच द रेन अंतर्गत बैठक का आयोजन
-वर्चुअल बैठक में भारत सरकार केन्द्रीय नोडल अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश
गाजियाबाद। जल शक्ति अभियान, कैच द रेन के अन्तर्गत गुरुवार को विकास भवन दुर्गावती देवी सभागार में सीडीओ अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में बैठक की गई। जिसमें भारत सरकार रक्षा मंत्रालय नोडल अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जल शक्ति अभियान के अंतर्गत वर्षा जल संचयन से संबंधित कार्यों की 2 दिवसीय क्षेत्रीय भ्रमण की समीक्षा सेंट्रल नोडल अधिकारी द्वारा की गई। तकनीकी अधिकारी द्वारा ड्रिप इरिगेशन द्वारा की जा रही सिंचाई की प्रशंसा की एवं साथ-साथ फसल के प्रकार के अनुसार बागवानी एवं सब्जियों के लिये अधिक उपयोगी बताई गई। जनपद में बनाये जा रहे अमृत सरोवरों को और अधिक संख्या में बनाये जाने का सुझाव दिया।
एसटीपी द्वारा हिंडन के गंदे पानी को ट्रीट करके वापस हिंडन में डालने वाले कार्य की सराहना की गई। इससे जल प्रदूषण में कमी आती है। सीडीओ अभिनव गोपाल द्वारा जनपद के वाटर कंजर्वेशन प्लान को प्रत्येक वर्ष जल शक्ति के पोर्टल पर अपलोड करते हुए कार्य कराने के निर्देश देते हुए कहा वर्षा जल संग्रहण समय की मांग है और हमें इस दिशा में और बेहतरीन प्रयास करने चाहिए। भूजल पानी का महत्वपूर्ण स्रोत है। पृथ्वी पर होने वाली जलापूर्ति अधिकतर भूजल पर ही निर्भर है, लेकिन चाहे सरकारी मशीनरी हो, उद्योग हो, कृषि क्षेत्र हो या आम जन, सबने इसका इतना दोहन किया है कि भूजल के लगातार गिरते स्तर के चलते जल संकट की भीषण समस्या हमारे सामने है। इससे पारिस्थितिकी तंत्र के असंतुलन की स्थिति पैदा हो गयी है। यह इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में स्थिति विकराल हो सकती है।
इसे तभी रोका जा सकता है, जब पानी समुचित मात्रा में रिचार्ज हो, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पानी का दोहन नियंत्रित हो, संरक्षण हो, भंडारण हो, ताकि वह जमीन के अंदर प्रवेश कर सके। बैठक में शेख महदूद हुसैन टेक्निकल ऑफिसर सीजी डब्ल्यूए लखनऊ, हरिओम अधिशासी अभियन्ता लघु सिंचाई गाजियाबाद, भारत भूषण अधिशासी अभियन्ता जल निगम ग्रामीण, प्रदीप कुमार द्विवेदी जिला पंचायत राज अधिकारी, निधि सिंह जिला उद्यान अधिकारी गाजियाबाद, सुधीर कुमार खण्ड विकास अधिकारी, विकास यादव उप्र आवास विकास, डॉ सलोनी सिंह एसीएफ वन विभाग, पवन कुमार भाटी डीआईओएस, एनएम मिश्रा ईओ मोदीनगर, अंकिता राय हाइड्रोलॉजिस्ट गौतमबुद्धनगर, विन्नी यादव खण्ड विकास अधिकारी लोनी, पीयूष राय खण्ड विकास अधिकारी भोजपुर, नवनीत गुप्ता जूनियर इंजीनियर जल एनपीपी खोड़ा और लोनी के द्वारा प्रतिभाग लिया गया।

















