उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने राजनगर एक्सटेंशन में बंधा रोड से चाम्र्स कैसल होते हुए क्लासिक रेजिडेंसी सोसायटी तक लगभग एक किलोमीटर लंबी नई सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। इस सड़क के बन जाने से अब स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें धूल व जलभराव जैसी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर यह निर्माण कार्य मार्च 2024 में शुरू किया गया था और मई 2025 तक इसे पूरा कर लिया गया। सड़क निर्माण पर कुल 218.85 लाख रुपये की लागत आई है। इसके अंतर्गत नाले का निर्माण, ब्लैक टॉपिंग और फुटपाथ के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य शामिल है।
जीडीए के इंजीनियरों ने सड़क की गुणवत्ता का निरीक्षण भी किया और तय मानकों के अनुसार उसे जांचा। प्राधिकरण द्वारा सड़क के दोनों ओर फुटपाथ का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे पैदल चलने वालों को भी सुविधा मिल सकेगी। जीडीए अधिकारियों के अनुसार, यह सड़क न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाएगी बल्कि नागरिकों को बारिश के समय जलभराव व कीचड़ से भी निजात दिलाएगी। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के समग्र विकास के तहत जीडीए जल्द ही अन्य जोनल सड़कों का भी निर्माण कार्य शुरू करने की योजना बना रहा है।

















