गिरफ्तारी की तलवार लटकने के बाद भी तेवर गरम
गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) नेता राकेश टिकैत पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। इसके बावजूद टिकैत के तेवर ढीले नहीं पड़े हैं। गुरुवार की रात इमोशनल होने के बाद शुक्रवार को वह आक्रामक अंदाज में दिखाई दिए। दिल्ली सरकार के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने भी राकेश टिकैत से मुलाकात की। भाकियू नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व में काफी समय से गाजीपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन चल रहा है। नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग किसान कर रहे हैं। दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर हिंसा के बाद राकेश टिकैत के विरूद्ध भी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। टिकैत पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। वीरवार की रात दिल्ली और यूपी पुलिस ने गाजीपुर-यूपी गेट से किसान आंदोलन को समाप्त करने की पूरी प्लानिंग कर ली थी। बाद में पुलिस को पांव पीछे खींचने पड़े थे। गुरुवार की रात राकेश टिकैत का इमोशनल रूप देखने को मिला था। वह मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोते नजर आए थे, मगर शुक्रवार को विभिन्न दलों का समर्थन मिलने के बाद राकेश टिकैत का अंदाज बदल गया। राकेश टिकैत से मिलने के लिए दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया भी पहुंचे। इसके बाद टिकैत के तेवरों में बदलाव आ गया। उन्होंने साफ किया कि प्रशासन चाहे कितना भी हमारा बिजली पानी बंद कर दे, मगर वह किसी भी हालत में पीछे नहीं हटेंगे। दरअसल मनीष सिसोदिया ने किसान नेताओं से बात की थी। उन्होंने किसानों के लिए पानी की व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर टिकैत ने कहा कि वह यूपी का ही पानी पिएंगे। उन्हें दिल्ली के पानी की जरूरत नहीं है। आवश्यक्ता पडऩे पर वह किसानों के साथ मिलकर खुद खोदकर पानी निकाल लेंगे। उधर, गाजीपुर बॉर्डर के आस-पास दिल्ली और यूपी पुलिस के जवानों की तैनाती है। माना जा रहा है कि जल्द बड़ा एक्शन हो सकता है।
















