-स्वच्छता और सुरक्षा के पूर्ण इंतजाम के बीच आदर्श बृजवासी विप्र रामलीला मंडल ने प्रस्तुत किया भव्य मंचन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रामलीला मैदान, गोल पार्क, राजेंद्र नगर, साहिबाबाद में मंगलवार की रात भव्य हनुमान-श्रीराम मिलन, बाली वध, लंका दहन, शरणागति और रामेश्वरम स्थापना की लीला का मनोहारी मंचन किया गया। इस वर्ष की रामलीला ने न केवल धार्मिक रस को जीवंत किया, बल्कि दर्शकों के हृदय में उत्साह और भक्ति की भावनाएँ भर दीं। आदर्श बृजवासी विप्र रामलीला एवं कृष्ण लीला मंडल, मथुरा द्वारा प्रस्तुत इस भव्य लीला में अभिषेक शर्मा श्रीराम, यश शर्मा लक्ष्मण, मनीषा श्री जानकी, नेहा मंदोदरी के रूप में, श्री हरि जी हनुमान के स्वरूप में तथा भीम सिंह रावण के रूप में दिखाई दिए। मंच निर्देशन मनोज पंडित द्वारा किया गया, जबकि श्री महेश जी की मधुर चौपाइयों ने लीला की आकर्षक प्रस्तुति में चार चाँद लगाए। कलाकारों ने भव्य मंचन के माध्यम से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। लंका दहन का दृश्य इस वर्ष भी दर्शकों का मुख्य आकर्षण रहा।
छोटे-बड़े झूले, रंग-बिरंगे स्टॉल और चटपटे व्यंजन लोगों के लिए आनंद का केंद्र बने। रामलीला में उपस्थित दर्शक देर रात तक मैदान में बने रहे और लीला का आनंद लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि चुन्नी लाल बरेजा और उद्योगपति सत्येंद्र चौधरी मौजूद रहे। उनके साथ अजय सिंह, सतीश सिंह, पशुपति जी कुशवाहा, राणा प्रताप सिंह, धर्मेंद्र दुबे सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रामलीला समिति के मुख्य संयोजक एसपी सिंह ने बताया कि इस वर्ष लीला को दर्शकों के लिए और भी भव्य और आकर्षक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि समिति ने स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया है और पूरे मैदान में 10 डस्ट बिन रखे गए हैं। समिति के सदस्य रात में एक बार पूरे मैदान की सफाई भी करते हैं, जिससे दर्शक सुरक्षित और साफ वातावरण में रामलीला का आनंद ले सकें।
मंच संचालन में अध्यक्ष रमाकांत पांडे, महामंत्री राम जी झा, सत्येंद्र परिहार, राकेश सूद, सुरेंद्र भारती, धर्मेंद्र दुबे, राजेश शर्मा सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारी का पालन करते हुए पूरे ग्राउंड में भ्रमण कर व्यवस्था बनाए रखते हैं। पुलिस प्रशासन का सहयोग भी रामलीला के दौरान पूर्ण रूप से रहा। महिला पुलिस और अन्य सुरक्षा कर्मी पूरे समय मैदान में तैनात रहे। उनकी उपस्थिति से दर्शकों में सुरक्षा का भरोसा बना रहा और भय की स्थिति नहीं उत्पन्न हुई। रामलीला गोल पार्क साहिबाबाद ने इस वर्ष भी धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समर्पण का बेहतरीन संदेश दिया। दर्शकों ने लीला के विभिन्न पहलुओं का आनंद लिया और आयोजकों, कलाकारों एवं पुलिस प्रशासन की प्रशंसा की।
















