नगर निगम कर्मचारी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र कुमार को पुलिस ने जेल भेजा, जमानत पर हुए बाहर

– सीनियर अधिकारी से मारपीट गाली गलौज करने के मामले में हुई कार्रवाई

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र कुमार बुरे फंस गए हैं। निगम के सीनियर अधिकारी के साथ मारपीट, गाली गलौज और धमकी देने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि बाद में रविंद्र कुमार को जमानत मिल गई। लेकिन अब इस मामले में विभागीय कार्रवाई की भी चर्चाएं चल रही है। उधर, अधिकारी के साथ मारपीट और गाली गलौज का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियों में साफ दिखाई और सुनाई दे रहा है कि रविंद्र कुमार ने राजस्व निरीक्षक प्रमोद कुमार के साथ मारपीट कर रहे हैं। पिछले सप्ताह हुई इस घटना की एफआईआर साहिबाबाद थाने में दर्ज कराई गई थी।

पीड़ित राजस्व निरीक्षक प्रमोद कुमार का आरोप है कि रविंद्र कुमार ने नशे की हालत में बिना किसी कारण के उसके साथ मारपीट की। गाजियाबाद नगर निगम के मोहन नगर जोनल कार्यालय में जिस समय रविंद्र कुमार ने मार पिटाई की उस समय अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। रविंद्र कुमार ने गंदी गंदी गालियां देते हुए एक एक कंप्यूटर ऑपरेटर का वेतन काटने की बात कही। रविंद्र ने जान से मारने की धमकी दी। घटना के समय उसने कमर में लाइसेंसी रिवाल्वर लगा रखी थी। गुस्से में रविंद्र ने लाइसेंसी रिवाल्वर निकालने का प्रयास किया जिसे अन्य कर्मचारियों ने रोक दिया। राजस्व निरीक्षक प्रमोद कुमार दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि 5 फरवरी की शाम 4 बजे रविंद्र कुमार शराब पीकर मोहन नगर जोनल कार्यालय पहुंचा। कार्यालय पहुंचते ही रविन्द्र ने प्रमोद कुमार के साथ गाली गलौज प्रारम्भ कर दिया और उस पर थप्पड़ व लात घूसे मारने लगा। मारपीट में प्रमोद कुमार का चश्मा भी टूट गया। कार्यालय में काफी हंगामा हुआ और अफरा तफरी का माहौल बन गया।

रविंद्र कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा – 115 (2), धारा – 352 और धारा 351 (2) के तहत साहिबाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रविंद्र कुमार जेल से बाहर आ गये हैं। घटना के बाद रविंद्र कुमार का कहना है कि मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है। उनके खिलाफ कुछ लोगों द्वारा साजिश की जा रही है। इससे नगर निगम की छवि को नुकसान हो रहा है। बहरहाल मारपीट का वीडियो वायरल होने और रविंद्र कुमार की गिरफ्तारी को लेकर नगर निगम में कई तरह की चर्चाएं चल रही है।