विजयनगर में 2.16 करोड़ में होगा आरसीसी नाले का निर्माण: सुनीता दयाल

-आरसीसी नाला निर्माण कार्य का महापौर ने नारियल फोड़कर किया शुभारंभ

उदय भूमि
गाजियाबाद। विजयनगर में नगर निगम द्वारा आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। सोमवार को महापौर सुनीता दयाल ने विजयनगर में 2.16 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले आरसीसी नाले का नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास किया। महापौर ने बताया कि विजयनगर क्षेत्र के वार्ड-58 एवं वार्ड-25 राठी मिल रोड से शिवपुरी होते हुए विजय नगर बाईपास तक जल निकासी के लिए 2.16 करोड़ रुपए की लागत से आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। महापौर ने नाले का शिलान्यास किया। इस दौरान पार्षद देव नारायण शर्मा, पार्षद कन्हैया लाल, पार्षद पूनम सिंह,पार्षद संतोष राणा,पार्षद ओम प्रकाश ओढ़, राजू त्रिपाठी, नगर निगम निर्माण विभाग के सहायक अभियंता श्याम सिंह, अवर अभियंता एसके सरोज एवं शिवपुरी के लोग उपस्थित रहे।

महापौर ने बताया कि पूर्व में एनएच-9 निर्माण के दौरान सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया गया था। जिसमें यह क्षेत्र शिवपुरी गहराई में आ गया था। वार्ड-58 और वार्ड-25 क्षेत्र की कॉलोनियों में जल निकासी बंद हो गई। बरसात में लोगों के घरों तक में जलभराव होकर पानी भर जाता था। महापौर से पार्षद देवनारायण एवं पार्षद कन्हैया लाल ने उक्त नाले का निर्माण के लिए आग्रह किया गया। महापौर ने इस नाले का आरसीसी निर्माण कराने के लिए 15वें वित्त आयोग के फंड 2.16 करोड़ रुपए पास कराकर नाले के कार्य के टेंडर कराए गए। सोमवार को नगर निगम द्वारा इस नाले का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इस नाले का जल्द ही  निर्माण पूरा हो जाएगा।

नाले का निर्माण पूरा होने के बाद शिवपुरी आदि क्षेत्र में जलभराव की समस्या भी खत्म हो जाएगी। इससे दोनों वार्डों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। महापौर ने बताया कि उपरोक्त स्थान पर जलभराव की स्थिति से पार्षदों ने अवगत कराया था। इसके बाद इसका स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। जिसमें नाले का निर्माण करना उचित था। इसलिए नाले के निर्माण का कार्य शुरू कराया गया। इससे क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।