रील लाइफ की चाची-420 ने फिर चौंकाया

तमिलनाडु विधान सभा चुनाव लड़ेंगे कमल हासन

चेन्नई। फिल्मी दुनिया से सियासत में आए कमल हासन ने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। तमिलनाडु में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। हासन ने विधान सभा चुनाव में उतरने का ऐलान किया है। मक्कल निधी मय्यम प्रमुख हासन ने कहा है कि वह 2021 में विधान सभा चुनाव अवश्य लड़ेंगे, मगर कहां से चुनाव मैदान में उतरेंगे, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। कमल हासन के चुनाव लड़ने की अटकलें काफी समय से चल रही थीं। इन अटकलों को अब विराम लग गया है। तमिलनाडु विधान सभा चुनाव के लिए कमल हासन निरंतर प्रचार कर रहे हैं। वह मदुरई में प्रचार कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बताया कि वह भी तमिलनाडु विधान सभा में चुनाव लड़ेंगे। किस सीट से वह उम्मीदवार होंगे, इसका ऐलान बाद में किया जाएगा। कमल ने अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। वह दूसरे नेताओं पर निशाना भी साध रहे हैं। चुनाव अभियान आरंभ करने से पहले हासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। हासन ने प्रधानमंत्री मोदी के जरिए नए संसद भवन के शिलान्यास पर सवाल उठाया। उन्होंने सवाल किया है कि जब चीन की महान दीवार का निर्माण किया जा रहा था तो हजारों नागरिकों की मौत हुई थी, उस समय शासकों ने कहा था कि यह नागरिकों की रक्षा के लिए है। अब कोरोना वायरस के कारण जब देश की आधी आबादी भूखी है, नागरिक अपना जीवन खो रहे हैं, तो किसकी रक्षा के लिए आप 1000 करोड़ रुपये की संसद का निर्माण कर रहे हैं। मेरे माननीय निर्वाचित प्रधानमंत्री जवाब दें। बता दें कि साउथ की फिल्म इंडस्ट्री में कमल हासन बड़ा नाम हैं। उन्होंने बॉलीवुड की कुछ फिल्मों में भी गजब का किरदार निभाया है। चाची-420 फिल्म में कमल हसन ने कमाल का अभिनय किया था। उन्हें फैंस का भरपूर प्यार मिलता रहा है।