स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग जरूरी: सुनीता दयाल

-स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिक का होता है वास: डॉ. नितिन गौड़
-अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह: योग को नित्य जीवन में अपनाने की महापौर ने की अपील

गाजियाबाद। जिला प्रशासन के सौजन्य से 15 से 21 जून तक अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का गुरुवार को आगाज हो गया। मोहननगर स्थित कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज में सुबह 6 बजे महापौर सुनीता दयाल ने दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़, एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन बिपिन कुमार, अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बलदेव राज शर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए पीएन दीक्षित,क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.अशोक राणा,सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल, सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, अपर नगर मजिस्ट्रेट निखिल चक्रवर्ती आदि अनेकों गणमान्य लोगों की उपस्थिति में संयुक्त रूप दीप प्रज्वलित कर योग का शुभारंभ किया गया।

सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल ने महापौर एवं अधिकारियों और योग साधकों का स्वागत करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित योग के प्रति आम जनमानस की भावना,निष्ठा एवं विश्वास को प्रदर्शित करता है। योग केवल एक दिन के लिए नहीं अपितु प्रतिदिन निरोग रहने के लिए हम सबके लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा योग सप्ताह को भव्य रूप में मनाने की कार्य योजना का सभी जनपदवासी हृदय से सम्मान करते हैं। नगर आयुक्त डॉ.नितिन गौड़ ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। इसलिए हम सबकी पहली जिम्मेदारी स्वस्थ शरीर,निरोगी काया के प्रति होनी चाहिए। स्वस्थ व्यक्ति समाज के विकास में भी ऊर्जावान होकर कार्य कर सकता है। इसलिए योग साधना के लिए निरंतर अभ्यास आवश्यक है।

हमें इसे दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। मुख्य अतिथि महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नियमित योग करने से निरोगी काया रह सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व पटल पर भारत को योग गुरु के रूप में सम्मान दिलाने का श्रेय दिया। राष्ट्रीय स्तर पर गुरु रामदेव को योग को लोकप्रिय बनाने के लिए स्मरण किया। महापौर ने योग को नित्य जीवन में अपनाने की अपील की। स्वस्थ शरीर को सफल जीवन की सफलता की प्रथम सीढ़ी माना। योग के उद्घाटन समारोह को उत्सव का रूप प्रदान करते हुए उत्तर प्रदेश योग एसोसिएशन के छात्र-छात्राओं ने योग नृत्य के माध्यम से वंदे मातरम की प्रस्तुति दी। इसकी सभी  योग साधकों ने भरपूर सराहना की। योगाचार्य डॉ.यश पाराशर ने योग प्रोटोकॉल कराया गया। लगभग एक घंटे तक चले इस योग सत्र में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, अधिकारियों एवं शहर नागरिकों ने योग करते हुए लाभ उठाया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में योग नृत्य प्रस्तुति देने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं योग गुरु को सम्मानित किया गया। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने सभी का धन्यवाद प्रकट किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल एवं डिप्टी कंट्रोलर अशोक गौतम के नेतृत्व में सिविल डिफेंस की ओर से कार्यक्रम किया गया। इस दौरान डिप्टी चीफ  वार्डन सिविल डिफेंस अनिल अग्रवाल,एडीसी संजय गर्ग, डिविजनल वार्डन राजेंद्र शर्मा,एके जैन,सुजीत प्रसाद,रमन सक्सेना, मंजूर हसन,अशोक कुमार,सुनील गर्ग आदि वार्डन एवं कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज, इंद्रप्रस्था इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रोंं एवं सोसायटी के लोगों ने योगाचार्य यश पराशर और आयुष विभाग से सारिका सिंह,अंकित,गीतिक आदि ने योग किया।