शहर में 1702 दुकानों का बढ़ेगा किराया, प्रस्ताव पर लगी मुहर

-4 हजार से लेकर 15 हजार तक बढाया जाएगा किराया, दो साल के किराए में मिलेगी छूट

गाजियाबाद। नगर निगम की बोर्ड बैठक में शहर में 1702 दुकानों के किराए में हर हाल में बढ़ोतरी होगी। इन दुकानों का 4000 रुपए से लेकर 15 हजार रुपए तक किराया बढ़ाया जाएगा। खास बात यह रहेगी कि जो दुकानदार किराया बढ़ा हुआ देगा। नगर निगम उसे पिछले दो साल के किराए में छूट देगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने बड़ी साफगोई से दुकानों का किराया बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव पर जवाब दिया। महापौर सुनीता दयाल ने भी दुकानों का किराया बढ़ाने पर अपनी सहमति दे दी। हालांकि निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने दुकानों का किराया बढ़ाने का जमकर सदन में विरोध किया। उनका तर्क था कि वर्ष-1994 में दुकानों का पंजीकरण हुआ। 2.99 लाख रुपए निगम ने ले लिए। 3 लाख में म्यूटेशन किया गया। उनका कहना है कि मेरे वार्ड क्षेत्र में लगभग 1400 दुकानें है। ऐसे में इसका पुरजोर विरोध करते है।

राजीव शर्मा व नगर आयुक्त के बीच जमकर हॉट-टॉक भी हुई। वहीं, भाजपा पार्षद शीतल देओल भी दुकानों के किराया बढ़ाने और ठेली व दुकानदारों से उगाही किए जाने का भी मुद्दा उठाया। किराया बढ़ोतरी शासन ने तय करने के निर्देश दिए है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने सदन को अवगत कराया कि सिटी जोन क्षेत्र में आने वाली दुकानों का किराया 7000, 7500, 6 हजार, 4 हजार, 4500 रुपए, 8 हजार,12 हजार निर्धारित किया गया। इसी प्रकार मोहन नगर जोन क्षेत्र में 4000,5000,6000 रुपए किराया किया गया। विजयनगर जोन क्षेत्र में 6000 रुपए और कविनगर जोन क्षेत्र में 4000 रुपए,6 हजार,6500 रुपए, 18 हजार रुपए, 7 हजार रुपए और 15 हजार रुपए तक किराया बढ़ाया गया हैं।

नगर आयुक्त के अवगत कराने के बाद राजीव शर्मा को छोड़कर अन्य पार्षदों ने किराया बढ़ाने पर सहमति जताई। महापौर ने कहा कि दुकानों का किराया बढ़ना चाहिए। दुकानों के ऊपर दुकान बना ली गई। इसलिए निगम की आय बढ़ाने के लिए किराया बढ़ाया जाना जरूरी हैं। इस पर सदन में पार्षदों की सहमति के बाद प्रस्ताव पास हो गया। हालांकि व्यापारियों का संगठन भी निगम मुख्यालय वार्ता के लिए पहुंचा था। लेकिन उनकी कोई वार्ता नहीं हो पाई। व्यापारी अब इस प्रस्ताव के विरोध में नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल सकते हैं।यह भी हो सकता है कि अधिकांश दुकानदार कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं।