-जीडीए सभागार में शिकायतों के निस्तारण को लेकर कार्यशाला का आयोजन
गाजियाबाद। जीडीए से संबंधित सूचना का अधिकार एवं आईजीआरएस पर प्राप्त होने वाले आवेदनों एवं शिकायतों का अब समय से गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना होगा। समय से निस्तारण नहीं करने वालों पर कार्रवाई होगी।
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने जीडीए के सभी अधिकारियों एवं जनसूचना से संबंधित जनसूचना अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्वक एवं समय से निस्तारण किया जाए। उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 एवंं उत्तर प्रदेश सूचना अधिकार नियमावली-2015 के तहत प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गुणवत्ता पूर्वक एवं ससमय निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया।
शनिवार को जीडीए सभागार में सूचना का अधिकार अधिनियम एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का समय से गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण किए जाने को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सेंटर फॉर एक्सीलेंस एंड ट्रेनिंग यूपी हाउसिंग एवं डेवलपमेंट बोर्ड के सेवानिवृत्त डायरेक्टर राजेश मेहतानी ने जानकारी दी। इस दौरान जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह,ओएसडी गुंजा सिंह,प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
उन्होंने कार्यशाला में सूचना का अधिकार अधिनियम एवं उत्तर प्रदेश सूचना अधिकार नियमावली-2015 के प्रावधानों का विस्तृत जानकारी देते हुए प्रार्थना पत्रों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया। कार्यशाला में प्रेजेंटेशन भी दिया गया,ताकि जीडीए से संबंधित शिकायतों एवं प्राप्त आवेदनों का समय पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा सकें।
















