सेवा से सेवानिवृत्ति संभव, पर इंसानियत से नहीं

-नेवल वेटरन वेल्फेयर एसोसिएशन ने 71 हजार की राशि प्रधानमंत्री राहत कोष में भेंट की

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। देशभक्ति और मानवता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए नेवल वेटरन वेल्फेयर एसोसिएशन, ग्रेटर नोएडा (पंजी.) ने समाज और राष्ट्र सेवा का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसने सभी को प्रेरित किया। मंगलवार को संस्था के सदस्यों द्वारा सहयोग से एकत्रित 71,000 की राशि का डिमांड ड्राफ्ट प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष में भेजने हेतु जिलाधिकारी कार्यालय, गौतम बुद्ध नगर में एडीएम अतुल कुमार को सौंपा गया। इस पुनीत कार्य का नेतृत्व कर रहे वेटरन अनिल कुमार तेवतिया ने कहा कि सैनिक कभी हार नहीं मानता और वेटरन कभी सेवा करना नहीं छोड़ता। सेवा केवल वर्दी पहनकर ही नहीं होती, बल्कि समाज के हर जरूरतमंद के साथ खड़े रहना भी सच्ची देशभक्ति है।

उन्होंने कहा कि जब देश किसी भी आपदा या संकट से जूझ रहा हो, तब पूर्व सैनिकों का कर्तव्य है कि वे अग्रसर होकर योगदान दें। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक वेटरन लेखराज सिंह, रूप राम सिंह, वासुदेव शर्मा, करमवीर सिंह, सुशील कुमार तेवतिया, मनमोहन शर्मा समेत अनेक सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि हम ड्यूटी से रिटायर हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत से नहीं। कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए वेटरन अनिल कुमार तेवतिया ने कहा कि सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व देश के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भी राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में सक्रिय होकर भाग लें, क्योंकि देश की प्रगति तभी संभव है जब हर नागरिक जिम्मेदारी निभाए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और जय हिंद, जय भारत के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ। यह पहल पूर्व सैनिकों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवता के प्रति समर्पण का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आई।