5 आरोपी गिरफ्तार, विभिन्न बिंदुओं पर तफ्तीश
नई दिल्ली। रिंकू शर्मा हत्याकांड की जांच का जिम्मा अब क्राइम ब्रांच को सौंपा गया है। क्राइम ब्रांच ने तफ्तीश शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार पांचों आरोपियों को क्राइम ब्रांच के हवाले कर दिया है। बता दें कि दिल्ली के मंगोलपुरी क्षेत्र में बर्थ-डे पार्टी में उभरे विवाद के बाद गत 11 फरवरी की देर रात रिंकू शर्मा (25) की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस केस में दिल्ली पुलिस ने जाहिद, ताजुद्दीन, मेहताब, दानिश और इस्लाम को गिरफ्तार किया था। अब तक पूरे मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही थी, मगर केस को क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने पांचों हत्यारोपियों को क्राइम ब्रांच के सुपूर्द कर दिया है। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अनिल मित्तल के मुताबिक रिंकू शर्मा मर्डर केस की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। इसके पहले रिंकू के भाई मन्नू ने आरोप मढ़ा था कि राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्र करने के अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने के कारण रिंकू की हत्या की गई। रिंकू शर्मा भाजपा युवा मोर्चा का कार्यकर्ता था। वह पिछले कुछ समय से राम मंदिर निर्माण हेतु समर्पण निधि संग्रहित करने के काम में लगा था। बर्ड-डे पार्टी में कुछ युवकों के साथ रिंकू का विवाद हो गया था। बाद में आरोपियों ने रिंकू को जबरन घर से बुलाकर चाकू से गोद कर हत्या कर दी थी। भाजपा और विश्व हिंदू परिषद (बीएचपी) ने इस वारदात के बाद तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की। भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा कि यदि रिंकू का नाम रेहान होता तो यह वारदात देश की सबसे बड़ी खबर होती। हर नेता उसके दरवाजे पर होता। रिंकू शर्मा की हत्या दिल्ली में ऐसा पहला अपराध नहीं। अंकित सक्सेना, धु्रव त्यागी, डॉ. नारंग, राहुल और अंकित शर्मा सब को ऐसे ही तो मारा गया। वहीं, भाजपा प्रवक्ता नवीन कुमार ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एक विशेष समुदाय के व्यक्ति बार-बार हिंदुओं की हत्या कर रहे हैं और अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोई सुध नहीं ले रहे।
















