वारदात : बिहार में राजद नेता के भाई की हत्या

विस चुनाव में अंतिम चरण की वोटिंग के दौरान मर्डर

पटना। बिहार में शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता बिट्टू सिंह के भाई बेनी सिंह की हत्या से सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। माहौल बिगडऩे की आशंका से पुलिस फोर्स अलर्ट है। बिहार में विधान सभा चुनाव के लिए आज अंतिम चरण का मतदान था। इसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई थी। इसके बावजूद हत्या की वारदात होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पूर्णिया के धमदाहा विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत सरसी में यह वारदात प्रकाश में आई है। बेखौफ बदमाशों ने राजद नेता बिट्टू सिंह के भाई बेनी सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इससे वहां एकाएक हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल बेनी सिंह ने दम तोड़ दिया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने चुनावी रंजिश में वारदात होने की आशंका से इंकार नहीं किया है। उधर, बिहार के 15 जिलों की 78 विधान सभा सीटों पर मतदान कराया गया था। 78 सीटों पर कुल 1204 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके पहले पूर्णिया के बूथ संख्या-282 पर सुरक्षा बलों से मतदाताओं की झड़प हो गई थी। मतदान के लिए लाइन में खड़े वोटर को सीआईएसफ जवान द्वारा डंडा मारने पर विवाद खड़ा हो गया था। बाद में पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा। वहीं, पिछले माह बिहार के शिवहर में जनता दल (राष्ट्रवादी) के प्रत्याशी और उनके समर्थक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के समय प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार पर थे। प्रत्याशी के समर्थकों ने एक हमलावर को मौके से दबोच लिया था। हमलावर की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। विधान सभा चुनाव में आपसी रंजिश की घटनाएं भी खूब सामने आई हैं।