उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। करीब एक साल पहले यमुना अथॉरिटी और नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नियाल) के सीईओ की जिम्मेदारी संभालने वाले आरके सिंह ने नोएडा एयरपोर्ट के कामों को प्राथमिकता पर रखकर पूरा कराया। उसी का नतीजा है कि आज एयरपोर्ट लोकार्पण तक पहुंच गया। यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में प्राधिकरण ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट से जुड़े प्रशासनिक, तकनीकी और बुनियादी ढांचे के कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया है। आरके सिंह ने विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया, जिससे परियोजना की जटिल प्रक्रियाएं सरल और प्रभावी ढंग से पूरी हो सकीं।
नोएडा एयरपोर्ट की सिक्योरिटी क्लियरेंस से लेकर एयरोड्रोम लाइसेंस तक में जो भी दिक्कत आई, उसको दूर कराया। ताकि एयरपोर्ट अपने मुकाम तक पहुंच सके। यही नहीं आरके सिंह के आने के बाद भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और निवेश आकर्षित करने जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उनके फैसलों का सकारात्मक असर देखने को मिला है। उनकी निगरानी में एयरपोर्ट से जुड़ी कनेक्टिविटी परियोजनाओं, जैसे सड़क और अन्य परिवहन सुविधाओं के विकास को भी प्राथमिकता दी गई।
इसके साथ ही, उन्होंने निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ संवाद को मजबूत कर परियोजना में वैश्विक सहभागिता सुनिश्चित की। सीईओ के रूप में आरके सिंह की सक्रियता और दूरदर्शिता ने नोएडा एयरपोर्ट को एक अंतरराष्ट्रीय हब के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस आधार तैयार किया है। उनकी कार्यशैली ने परियोजना को नई गति और दिशा देने में अहम योगदान दिया है।















