– दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, प्रधानाचार्या धर्मजीत कौर ने दिया प्रेरक संदेश
– स्टूडेंट ऑफ द ईयर बने मयंक कुमार और प्रिया यादव, कई श्रेणियों में टाइटल अवार्ड वितरित
– गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी शाम, 11वीं के छात्रों ने भावुक शब्दों में दी विदाई
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विजय नगर स्थित रोज बेल पब्लिक स्कूल में गुरुवार को कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर उत्साह, उल्लास और भावनाओं से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या धर्मजीत कौर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जीवन में अनुशासन, परिश्रम तथा सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया। प्रधानाचार्या धर्मजीत कौर ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा देने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे विद्यालय से मिले संस्कारों और मूल्यों को जीवनभर याद रखें तथा हर परिस्थिति में आत्मविश्वास बनाए रखें।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में टाइटल अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्टूडेंट ऑफ द ईयर का प्रतिष्ठित सम्मान मयंक कुमार और प्रिया यादव को दिया गया। दोनों विद्यार्थियों ने शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम और व्यावहारिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की। मोस्ट डिसिप्लिन विद्यार्थी के रूप में सजल अग्रवाल और राधिका को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त मोस्ट हैंडसम का खिताब निखिल शर्मा को, मोस्ट ब्यूटीफुल का खिताब परि गुप्ता को प्रदान किया गया। वहीं बेस्ट ड्रेस्ड का टाइटल राघव कपूर और नरगिस को दिया गया। मंच पर विद्यार्थियों को ताज पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे समारोह की गरिमा और भी बढ़ गई। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण पैदा किया।
कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने रंगारंग नृत्य, गीत-संगीत और मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने वरिष्ठ साथियों को यादगार विदाई दी। कुछ विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि 12वीं के छात्रों से उन्होंने न केवल पढ़ाई, बल्कि मित्रता, सहयोग और नेतृत्व के गुण भी सीखे हैं। समारोह के दौरान कई क्षण ऐसे आए जब भावनाएँ छलक पड़ीं। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के साथ बिताए सुनहरे पलों को याद करते हुए भविष्य में भी संपर्क बनाए रखने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने भी 12वीं के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं और आगामी जीवन यात्रा के लिए शुभकामनाएँ दीं। अंत में सामूहिक फोटोग्राफी और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे समारोह ने विद्यार्थियों के मन में मधुर स्मृतियाँ छोड़ दीं और यह विदाई उनके जीवन का एक यादगार अध्याय बन गई।

















