-नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने दिखाया रचनात्मक कौशल
-कृषि, एआई, विज्ञान और गणित के मॉडल बने आकर्षण का केंद्र
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रोज बेल पब्लिक स्कूल की भूड़ भारत नगर शाखा में शनिवार को भव्य शैक्षणिक प्रदर्शनी का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की रचनात्मकता और नवाचार से सजीव हो उठा। नर्सरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, ज्ञान और कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल, चार्ट और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए। कृषि, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी तथा गणित के आधारभूत विषय-कोण और भिन्न को विद्यार्थियों ने रोचक एवं व्यावहारिक ढंग से समझाया। छोटे बच्चों ने सरल अवधारणाओं को रंग-बिरंगे मॉडलों और चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक जागरूकता से परिपूर्ण प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए।
कृषि विषय पर तैयार किए गए मॉडलों में आधुनिक खेती की तकनीकों और जैविक कृषि के महत्व को दर्शाया गया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर विद्यार्थियों ने भविष्य की तकनीकों और उनके दैनिक जीवन में उपयोग को सरल भाषा में समझाया। विज्ञान के प्रोजेक्ट्स में ऊर्जा संरक्षण, जल चक्र और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय प्रमुख रहे। सामाजिक विज्ञान के स्टॉल पर भारतीय संस्कृति, संविधान और ऐतिहासिक घटनाओं को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया गया। गणित के खंड में कोण और भिन्न जैसे विषयों को मॉडल और चार्ट के माध्यम से स्पष्ट किया गया, जिससे अभिभावकों और अतिथियों को विद्यार्थियों की समझ और प्रस्तुति कौशल का अंदाजा हुआ। प्रदर्शनी में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों की मेहनत और आत्मविश्वास की सराहना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या गुनीत कौर ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और टीमवर्क की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तक आधारित शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास को प्राथमिकता देना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण उत्सव जैसा बना रहा। प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों ने अपने-अपने स्टॉल पर अतिथियों को मॉडल की कार्यप्रणाली समझाई और उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए सीखने और सिखाने दोनों का अनूठा अनुभव साबित हुई। रोज़ बेल पब्लिक स्कूल की यह शैक्षणिक प्रदर्शनी न केवल ज्ञान का उत्सव बनी, बल्कि इसने यह भी सिद्ध कर दिया कि उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा से नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।

















