रोज बेल पब्लिक स्कूल में वैसाखी, हनुमान जयंती एवं डॉ. अंबेडकर जयंती पर विशेष प्रार्थना सभा आयोजित

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रोज बेल पब्लिक स्कूल में शनिवार को वैसाखी, हनुमान जयंती एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर एक भव्य एवं शिक्षाप्रद विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। यह आयोजन न केवल धार्मिक श्रद्धा से परिपूर्ण रहा, बल्कि छात्रों के सामाजिक और ऐतिहासिक ज्ञान को भी समृद्ध करने वाला सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से हुआ, जिसने पूरे विद्यालय परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात विद्यालय की प्रधानाचार्या धरमजीत कौर ने डॉ. अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

छात्रों द्वारा डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, सामाजिक समानता के लिए किए गए कार्यों और उनके विचारों पर प्रभावशाली भाषण एवं नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को गहराई से प्रेरित किया। इस अवसर पर शिक्षिका श्रीमती कुसुम चौहान ने सभी छात्रों को समानता और न्याय की शपथ दिलाई। वहीं टीचर गुरविंदर कौर ने वैसाखी पर्व के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं कृषि महत्व पर ज्ञानवर्धक भाषण दिया। तत्पश्चात छात्रों द्वारा प्रस्तुत भांगड़ा नृत्य ने समारोह में उमंग और उल्लास का संचार कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5 से 10 तक के छात्रों के लिए एक बहुविकल्पीय परीक्षा का भी आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों में इन पर्वों के प्रति जानकारी और समझ को मजबूत करना था। अंत में प्रधानाचार्या धरमजीत कौर ने सभी विद्यार्थियों को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों की सीख देते हुए एक प्रेरणादायक समापन भाषण दिया। सभा का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस सफल आयोजन में विद्यालय की शिक्षिकाएं कुसुम चौहान, गुरविंदर कौर, दीक्षा सारस्वत, प्राची, अमित गुप्ता, बिंदु राघव, आकांक्षा राजपूत, अंकुश चौधरी और नेहा मल्होत्रा का विशेष योगदान रहा।