-आईएमएस यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित शिविर में 208 यूनिट रक्त संग्रहित
-छात्रों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मानवता की सेवा और समाजहित के संकल्प के साथ रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद स्मार्ट सिटी ने मंगलवार को भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया। यह शिविर एनएच-9 स्थित आई.एम.एस. यूनिवर्सिटी कोर्स कैम्पस में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने हिस्सा लिया। शिविर में कुल 208 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. सुभाष जैन ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा नि:स्वार्थ कार्य है जो जाति, धर्म और सीमाओं से परे है। यह न केवल किसी का जीवन बचाता है बल्कि समाज में एकता और सहयोग की शक्ति को भी प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को रक्तदान की महत्ता को समझना चाहिए और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए समाज में जागरूकता फैलानी चाहिए। क्लब प्रेसीडेंट भारती गर्ग ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में हर दो सेकंड में किसी न किसी को रक्त की जरूरत होती है, लेकिन कई हिस्सों में रक्त की कमी अब भी एक बड़ी समस्या है।
रक्तदान महान दया और मानवता का प्रतीक है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, डॉक्टरों, यूनिवर्सिटी के स्वयंसेवकों, शिक्षकों और छात्रों को धन्यवाद दिया जिन्होंने शिविर को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। इस अवसर पर बबीता जैन, आशीष गर्ग, प्रवीन गोयल, सीमा गोयल, दीपक कुमार अग्रवाल, योगेश कुमार गोयल, नरेश कुमार गर्ग, विकास गुप्ता, मनोज अग्रवाल, अनु अग्रवाल, अधीर गर्ग, सुजाता गर्ग, राकेश अग्रवाल, अनीश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य, शिक्षकगण, स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। रोटरी क्लब की प्रेसिडेंट (2025-26) भारती गर्ग और सचिव (2025-26) प्रवीन गोयल ने विशेष रूप से दीपा छारिया और राकेश छारिया का धन्यवाद किया, जिन्होंने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।
रक्तदान शिविर में एकत्र की गई 208 यूनिट रक्त से सैकड़ों मरीजों की जिंदगी को नया जीवन मिलेगा। यह उपलब्धि न केवल क्लब के प्रयासों को दर्शाती है बल्कि यह भी दिखाती है कि यदि समाज मिलकर काम करे तो किसी भी बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है। रोटरी गाजियाबाद स्मार्ट सिटी का यह आयोजन केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सहयोग, सेवा और जिम्मेदारी की भावना को भी जगाता है। इस अवसर पर मौजूद सभी गणमान्य व्यक्तियों ने इस तरह के अभियानों को लगातार जारी रखने और समाज के हर वर्ग को इसमें जोडऩे का आह्वान किया।

















