रोटरी गाजियाबाद स्मार्ट सिटी ने गौ माता सेवा प्रोजेक्ट के तहत किया भव्य सेवा कार्य

-चोमू पैलेस, जयपुर स्थित गौशाला में गायों को खिलाया चारा, गुड़ और दिया दान; सदस्यों ने किया संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद/जयपुर। रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद स्मार्ट सिटी के सदस्यों ने अपने गौ माता सेवा प्रोजेक्ट के तहत शनिवार को चोमू पैलेस, जयपुर स्थित गौशाला में गायों की सेवा और देखभाल का भव्य आयोजन किया। इस अवसर पर सदस्यों ने गायों को चारा, गुड़ और अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की और उनकी निरंतर देखभाल सुनिश्चित करने हेतु हृदय से दान दिया। क्लब के इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य गायों की सुरक्षा, आश्रय, भोजन और चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करना है, जिससे उनके जीवन में सुधार हो और उन्हें पोषणयुक्त एवं सुरक्षित वातावरण मिले। इस पहल से अनगिनत गायों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद स्मार्ट सिटी ने 18 से 20 सितंबर तक अपने क्लब टूर में इस प्रोजेक्ट को शामिल किया। इस दौरान सभी सदस्यों ने श्री खाटू श्यामजी के विशेष दर्शन भी किए। क्लब टूर के आकर्षणों में राजस्थानी संगीत, लोक नृत्य कालबेलिया, राजस्थानी व्यंजन और विभिन्न खेल शामिल थे। यह आयोजन सदस्यों के लिए सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिकता और भाईचारे का अद्वितीय अनुभव बन गया।

कार्यक्रम के आयोजन में क्लब के सदस्यों डा. सुभाष जैन, बबीता जैन, योगेश कुमार गोयल, आशु गोयल, रमा गुप्ता, विपिन गुप्ता, प्रवीन गोयल, भारती गर्ग एवं आशीष गर्ग का विशेष योगदान रहा। क्लब प्रैसीडेन्ट भारती गर्ग ने सभी सदस्यों को इस टूर को सफल और यादगार बनाने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश फैलाते हैं और युवाओं में सेवा भाव को बढ़ावा देते हैं।

इस आयोजन ने न केवल गायों के कल्याण में योगदान दिया, बल्कि सदस्यों और समाज के लिए संस्कार, सहयोग और सांस्कृतिक अनुभव को भी बढ़ावा दिया। रोटरी क्लब के इस प्रयास से यह संदेश गया कि सेवा और दान के माध्यम से समाज में बदलाव लाना संभव है और साथ ही प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का परिचय भी मिलता है।