प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर लहराएंगे भगवा: केशव प्रसाद मौर्य

-इंडिया गठबंधन कुछ का साथ, कुछ के विकास की सोच पर करता है काम

गाजियाबाद। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इंडिया गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन का कुछ का साथ और कुछ के विकास को लेकर काम करता है। प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर भगवा लहराएगा। सोमवार को सेक्टर-23 संजयनगर स्थित होटल फॉर्च्यून में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ-सबका विकास और सबके विश्वास की बात करती है। भाजपा भ्रष्टाचार को दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी, लेकिन इंडिया गठबंधन इसके विपरीत भ्रष्टाचारियों को बचाने का काम करती है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने भ्रष्टाचार को दूर करने की बातें की थी, वह आज दिल्ली तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। भाजपा की कथनी और करनी में किसी तरह का कोई अंतर नहीं है।

उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए गाजियाबाद संसदीय सीट से भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अतुल गर्ग को विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अतुल गर्ग रिकॉर्डतोड़ मतों से विजयी बनेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल,लोकसभा प्रभारी विजय शुक्ला, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, लोकसभा संयोजक अजय शर्मा, मयंक गोयल,सरदार एसपी सिंह, अनुज मित्तल, अंकित शर्मा, मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी, नमित वाष्र्षेय समेत भाजपा पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बसपा को छोड़ सभी दलों पर उपमुख्यमंत्री ने साधा निशाना:
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इंडिया गठबंधन में शामिल सभी राजनैतिक दलों को आड़े हाथों लिया और कहा कि विपक्षी दल केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं। उप मुख्यमंत्री ने बसपा को छोड़ अन्य सभी दलों पर कड़े शब्दिक प्रहार किए। उनसे जब बसपा का नाम नहीं लिए जाने के संबंध में सवाल पूछा तो उन्होंने मुस्कुरा कर जवाब दिया कि बसपा भी भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का काम करती हंै। उप मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद लोकसभा सीट से भाजपा-रालोद प्रत्याशी अतुल गर्ग की जीत का प्रबल रूप से दावा करते हुए कहा कि अतुल गर्ग रिकॉर्डतोड़ मतों से विजयी होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीतेंगे और कांग्रेस-सपा के संयुक्त प्रत्याशी और बसपा प्रत्याशी यहां पर अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएंगे।