विवाद के बाद सैफ अली खान ने मारी पलटी

बोले, भगवान राम मेरे लिए नायकत्व के प्रतीक

मुंबई। माता सीता पर अशोभनीय बयान देने के बाद विवादों में घिरे बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को अपनी गलती का अहसास हो गया है। सोशल मीडिया पर आलोचना होने के उपरांत सैफ ने अपने बयान के लिए माफी मांग ली है। उन्होंने कहा है कि मैं अपना बयान वापस लेता हूं। निर्देशक ओम राउत फिल्म आदिपुरूष बनाने की तैयारी में हैं। इस फिल्म में अभिनेता सैफ अली खान रावण के किरदार में नजर आएंगे। खान ने कुछ दिन पहले साक्षात्कार में फिल्म आदिपुरूष के विषय में विभिन्न बिंदुओं पर बात की थी। इस बीच उन्होंने कहा था कि फिल्म में उनके द्वारा अभिनीत दानव राज रावण का पात्र मानवीय होगा। उन्होंने कहा था कि एक राक्षस राजा का किरदार निभाना बेहद दिलचस्प है, मगर ये इतना भी क्रूर नहीं है। हम इसे काफी मनोरंजक बनाने वाले हैं। सीता का अपहरण और राम के साथ युद्ध की वजह को हम क्लीयर कर उसकी बहन के लिए बदले की भावना से जोड़कर दिखाने वाले हैं। रावण की बहन सूर्पनखा जिसकी नाक लक्ष्मण ने काट दी थी। सैफ के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बखेड़ा खड़ा हो गया था। सैफ अली खान ने अब अपने बयान के लिए क्षमा मांगी है। उन्होंने कहा है कि मुझे पता चला है कि एक साक्षात्कार में मेरे बयान से विवाद खड़ा हो गया और नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं। मेरी ऐसी मंशा नहीं थी। मैं सभी से माफी मांगना चाहूंगा और अपने बयान को वापस लेता हूं। उन्होंने कहा कि यह फिल्म बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाने वाली होगी। भगवान राम हमेशा से मेरे लिए नायकत्व के प्रतीक रहे हैं। आदिपुरूष बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाने वाली फिल्म है। पूरी टीम बिना किसी छेड़छाड़ के इस महापुराण को प्रस्तुत करने हेतु काम कर रही है। बहरहाल सैफ के माफी मांग लेने से यह विवाद समाप्त होने की उम्मीद जाहिर की जा रही है।