घाटी में हिज्बुल मुजाहिद्दीन का टॉप कमांडर ढेर
श्रीनगर। आतंकवाद के खिलाफ मुहिम में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षा बलों ने रविवार को कुख्यात आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिद्दीन के टॉप कमांडर सैफुल्लाह मीर को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त ऑपरेशन में यह सफलता मिली है। सैफुल्लाह मीर के मारे जाने से हिज्बुल मुजाहिद्दीन को गहरा झटका लगा है। कश्मीर पुलिस के मुताबिक हिजबुल मुजाहिद्दीन के टॉप कमांडर डॉ. रियाज नाइकू के मारे जाने के बाद सैफुल्ला को संगठन की कमान सौंपी गई थी। सैफुल्ला के साथी को सेना ने जिंदा पकड़ लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। जम्मू-कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने सैफुल्लाह मीर के मुठभेड़ में ढेर होने को बड़ी कामयाबी बताया है। पुलिस का कहना है कि सैफुल्लाह भी रियाज नाइकू की तरह कुख्यात आतंकी था। सेना की लिस्ट में उसे भी टॉप कैटेगरी में रखा गया था। सैफुल्लाह को आतंक का डॉक्टर भी कहा जाता था, क्योंकि उसने मेडिकल की पढ़ाई की थी। पुलिस के मुताबिक सैफुल्लाह मीर जम्मू-कश्मीर में पुलवामा के पदगामपोरा का रहने वाला था। वह पैरामेडिकल की ट्रेनिंग ले चुका था। वह मेडिकल असिस्टेंट के तौर पर काम भी करता था। 2012 में वह आतंक की राह पर चल पड़ा। बाद में वह आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिद्दीन से जुड़ गया। पिछले 8 साल से सैफुल्लाह दक्षिण कश्मीर में सक्रिय था। आतंक के डॉक्टर सैफुल्लाह मीर के बारे में सटीक इनपुट मिलने पर जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन में कामयाबी भी मिल गई। सैफुल्लाह मीर के मारे जाने से हिज्बुल मुजाहिद्दीन को झटका लगा है। जम्मू-कश्मीर पुलिस का कहना है कि आतंक के किसी भी आका को बख्शा नहीं जाएगा। आतंकी को उसके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ के बाद सैफुल्लाह के गिरफ्तारी साथी से पूछताछ चल रही है।
















