गाजियाबाद। डासना में नाहल गांव रोड के पास अनाधिकृत रूप से 22 बीघा जमीन पर काटी जा रही साईन सिटी के नाम से अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन दस्ते की टीम ने निर्माण ध्वस्त कर दिए। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करने के आदेश के क्रम में जीडीए द्वारा लगातार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल की अगुआई में सहायक अभियंता अनिल शर्मा,अवर अभियंता राजेंद्र सिंह एवं जीडीए पुलिस और वेव सिटी थाना पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
गांव नाहल रोड डासना में शकील प्रधान द्वारा खसरा संख्या-493 पर लगभग 22 बीघा जमीन पर साईन सिटी के नाम से अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। जीडीए प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनी में भूखंडों की बाउंड्रीवाल,सड़क,3 साईट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया। जीडीए की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्माण करने वालों और कॉलोनाइजर ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। मौके पर उपस्थित लोगों से अपील की गई कि अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करें।















