भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के साथ खुशहाली-समृद्धि से जोड़ रही हैं संकल्प यात्रा: वीके सिंह

-केंद्रीय मंत्री ने की विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम की शुरुआत

गाजियाबाद। केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्यमंत्री डॉ.वीके सिंह ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने और देशवासियों को खुशहाली व समृद्धि से विकसित भारत संकल्प यात्रा जोड़ रही है। वीके सिंह ने विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के दौरान सभी लोगों को शपथ भी दिलाई। शुक्रवार को नगर निगम द्वारा विजयनगर स्थित माता कॉलोनी के भीमाबाई पार्क में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संकल्प यात्रा कार्यक्रम में 1183 पात्रों को लाभ मिला। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंंचे केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना,प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पेंशन योजना, प्रधानमंत्री अन्न योजना आदि योजनाओं के लाभार्थियों को जोड़ा।

उन्होंने जन जागृति के संकल्प को सुदृढ़ करने वाली संकल्प यात्रा में कहा कि यह यात्रा भारत को विकसित बनाना और देशवासियों को खुशहाली व समृद्धि से जोडऩा है।विजयनगर जोन अंतर्गत वार्ड-4 माता कॉलोनी व वार्ड-14 राजकीय कन्या इंटर कॉलेज विजयनगर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अरूण यादव, जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी आदि ने केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।वहीं,शहर विधायक अतुल गर्ग भी दूसरे कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र वासियों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होने पर लाभार्थियों को बधाई दी।

इस दौरान जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा आदि उपस्थित रहे। वीके सिंह ने कहा कि बीते 9 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हर वर्ग के उत्थान के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की गई। इन योजनाओं से हर व्यक्ति का जीवन स्तर सुधारा और निरंतर लोगों का जीवन बेहतर बना है। किसी बहन-बेटी को पानी के लिए घर से दूर नहीं जाना पड़ता है बल्कि नल से जल योजना से हर घर तक पानी पहुंचाने का कार्य भी 70 सालों में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा किया गया। उन्होंने लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। इन योजनाओं से जोड़कर इसका लाभ दिलाने में सहायक बनें।