नेहरू वर्ल्ड स्कूल की संस्कृति बाना ने जूनियर वर्ल्ड कप शूटिंग के लिए किया चयन, देश का नाम किया रोशन

-राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में प्रथम स्थान, जूनियर एशियन चैंपियनशिप रजत पदक विजेता ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाई अपनी प्रतिभा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शास्त्री नगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल के लिए यह क्षण अत्यंत गर्व और गौरव का है। विद्यालय की कक्षा 12 की होनहार छात्रा संस्कृति बाना ने अपनी असाधारण प्रतिभा और कठिन परिश्रम के बल पर जूनियर वर्ल्ड कप शूटिंग प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर न केवल विद्यालय, बल्कि शहर और देश का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में संस्कृति बाना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन ट्रायल्स में देशभर से लगभग 2000 प्रतिभाशाली बालिकाओं ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उत्कृष्ट निशानेबाज़ी का परिचय देते हुए संस्कृति ने शीर्ष स्थान हासिल किया और जूनियर वर्ल्ड कप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।

गौरतलब है कि जूनियर वर्ल्ड कप शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन आगामी जुलाई माह में काहिरा (मिस्र) में किया जाएगा, जहां संस्कृति बाना भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। संस्कृति पहले से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की अनुभवी निशानेबाज हैं। वे जूनियर एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुकी हैं और जूनियर श्रेणी में उनकी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग 15 है। निरंतर बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय शूटिंग जगत में अपनी सशक्त पहचान बनाई है। इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार ने संस्कृति बाना को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

विद्यालय को पूर्ण विश्वास है कि संस्कृति अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाएंगी। नेहरू वर्ल्ड स्कूल सदैव अपने विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है, और संस्कृति बाना की यह सफलता उसी प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है।