-आपसी सहमति से चुनी गई नई टीम, व्यापार हित सर्वोपरि रखने का संकल्प
-गैर राजनीतिक संगठन के रूप में पारदर्शिता और एकजुटता पर दिया गया जोर
-संरक्षक, अध्यक्ष और महामंत्री ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के प्रमुख व्यापारिक संगठन सर्राफा एसोसिएशन गाजियाबाद के पुनर्गठन के उपलक्ष्य में शनिवार को नवयुग मार्केट स्थित स्थानीय पार्टी हॉल बैंकट में शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के सर्राफा व्यापारियों की बड़ी संख्या ने भाग लेकर नई कार्यकारिणी का स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। समारोह के दौरान एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। संगठन के संरक्षक के रूप में राजकिशोर गुप्ता, अध्यक्ष पद पर हरविंद्र कुमार गांधी तथा महामंत्री पद पर गौरव गर्ग को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही मुकेश वर्मा को कोषाध्यक्ष, सौरभ गोयल (टीनू) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद पर विनय सिंघल, राजकुमार (बिट्टू), दिनेश वर्मा (दिन्नो), सार्थक गुप्ता, हरि वर्मा एवं पुनित सिंघल को शामिल किया गया। मंत्री पद पर अमित वर्मा (सोनू), सुशील सोनी (कान्हा) और अनिल गुलाटी को जिम्मेदारी दी गई, जबकि वरिष्ठ मंत्री के रूप में संदीप गोयल (चौबे जी) को नियुक्त किया गया। संगठन मंत्री के रूप में जीत सिंह राणा, संयुक्त मंत्री दीपक (कृष्णा ज्वैलर्स) तथा प्रचार मंत्री विनोद कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई।
मुख्य सलाहकार मंडल में नितिन गोयल, रवि सिंघल, शरद गुप्ता, मुनेश गोयल, प्रदीप कुमार खन्ना और दीपक बंसल को शामिल किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संरक्षक राजकिशोर गुप्ता ने कहा कि सर्राफा एसोसिएशन पूरी तरह गैर राजनीतिक संगठन है, जिसका उद्देश्य केवल व्यापारियों के हितों की रक्षा करना और उन्हें एक मंच पर संगठित करना है। उन्होंने बताया कि संगठन में किसी प्रकार के चुनाव नहीं कराए जाते, बल्कि योग्य, कर्मठ और समर्पित व्यक्तियों का चयन आपसी सहमति और रायशुमारी के आधार पर किया जाता है। उनका कहना था कि संगठन की मजबूती व्यापारियों की एकजुटता में निहित है और नई टीम व्यापार जगत की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएगी। अध्यक्ष हरविंद्र कुमार गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि सर्राफा व्यापारी शहर की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और संगठन का उद्देश्य व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा प्रशासन के साथ बेहतर संवाद बनाए रखना है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई कार्यकारिणी व्यापारिक सुरक्षा, बाजार व्यवस्था, लाइसेंसिंग, कर व्यवस्था और व्यापारिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी व्यापारियों से संगठन को मजबूत बनाने और सामूहिक सहयोग की अपील भी की। महामंत्री गौरव गर्ग ने कहा कि एसोसिएशन केवल पदों का संगठन नहीं बल्कि सेवा और जिम्मेदारी का मंच है। उन्होंने कहा कि नई टीम पारदर्शिता, सहभागिता और सक्रिय संवाद के सिद्धांतों पर कार्य करेगी। व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान, नई पीढ़ी के व्यापारियों को जोडऩे और आधुनिक व्यापारिक व्यवस्थाओं को अपनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन समय-समय पर सामाजिक एवं व्यापारिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर व्यापारियों के हितों को आगे बढ़ाएगा।
शपथ समारोह के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने नई कार्यकारिणी का तालियों के साथ स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग का भरोसा दिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जहां व्यापारिक एकता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला। नई कार्यकारिणी ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि सर्राफा व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और व्यापारिक विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे और संगठन को शहर के सबसे सक्रिय व्यापारिक मंच के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
















