गाजियाबाद और नोएडा के स्कूल सोमवार को रहेंगे बंद डीएम ने जारी किए आदेश, बारिश को लेकर लखनऊ में हाई अलर्ट

गाजियाबाद के जिलाधिकारी आरके सिंह ने कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी कक्षाओं को सोमवार को बंद रखने का आदेश दिया है। गौतमबुद्ध नगर के जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि सभी स्कूलों को प्रशासन के आदेश से अवगत करा दिया गया है। कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 तक कोई भी स्कूल नहीं खुलेगा।
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। बेमौसम की बारिश ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। सोमवार को भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी कर दी है। गाजियाबाद और नोएडा के डीएम के आदेश पर 1 दिन के लिए स्कूल बंद रहेंगे। गाजियाबाद के पड़ोसी जिले बुलंदशहर के डीएम ने 2 दिन के लिए स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। बुलंदशहर में लगातार भारी बारिश हो रही है। बारिश का यही हाल मेरठ में भी है वहां भी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
गाजियाबाद के जिलाधिकारी आरके सिंह ने कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी कक्षाओं को बंद रखने का आदेश दिया है। पहले बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रखने का आदेश दिया था। बाद में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा डीएम के आदेशों के क्रम में कक्षा एक से कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया।
गौतमबुध नगर के जिला मजिस्ट्रेट सुहास एलवाई के निर्देशों के अनुपालन में 10 अक्टूबर को भारी वर्षा के अलर्ट को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में कक्षा एक से कक्षा 12 तक की समस्त बोर्ड के सरकारी एवं प्राइवेट स्कूल में अवकाश रहेगा। यह जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह के द्वारा दी गई है। उन्होंने जनपद के समस्त स्कूल संचालकों का आह्वान किया है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर भारी बारिश को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में सभी बोर्ड के समस्त सरकारी एवं प्राइवेट स्कूल बंद रखे जाए। जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि सभी स्कूलों को प्रशासन के आदेश से अवगत करा दिया गया है। कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 तक कोई भी स्कूल नहीं खुलेगा। भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए आगरा, कानपुर, और इटावा में स्कूलों की छुट्‌टी कर दी गई है। यूपी में जारी भारी बारिश के असर के बीच स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसको देखते हुए बुलंदशहर, हापुड़, कानपुर और आगरा डीएम ने स्कूलों को दो दिनों तक बंद करने का आदेश दिया है।
बुलंदशहर के डीएम ने 2 दिन स्कूल बंद रखने के लिए आदेश
गाजियाबाद के पड़ोसी जिले बुलंदशहर में अगले दो दिनों के लिए स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश और बिजली गिरने की संभावनाओं को देखते हुए बुलंदशहर जिला प्रशासन की ओर से अगले दो दिनों तक स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। उन्होंने कक्षा एक से 12वीं तक के स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है। हापुड़ में भी जिला प्रशासन ने स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है।
14 अक्टूबर तक बारिश का है अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से 14 अक्टूबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसको देखते हुए डीएम ने कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को बंद कराने का आदेश दिया है। सोमवार को उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों के स्कूल बंद रहेंगे। कई जिलों में 2 दिन के बंद के आदेश दिए गए हैं जबकि कई जिलों में अभी सिर्फ 1 दिन स्कूल बंद रखने का आदेश आया है।
दो दिनों से लगातार पड़ रही है बारिश
दिल्ली-एनसीआर और वेस्टर्न उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में पिछले 48 घंटों से झमाझम बारिश हो रही है। दो दिनों से सूरज नहीं निकला है। तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से नीचे गिर गया है। दूसरी ओर जिले में यातायात व्यवस्था पर भारी बारिश का बुरा असर पड़ा है। सड़कों में गड्ढे बन गए हैं। ट्रैफिक जाम है। ऐसे में छात्रों को असुविधा से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। दूसरी ओर मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश व दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश होने की संभावना जाहिर की है। इसे ध्यान में रखते हुए बुलंदशहर, गाजियाबाद और मेरठ में भी कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है।
लखनऊ में भारी वर्षा को लेकर एडवाइजरी जारी
9 अक्टूबर सायंकाल से हो रही लगातार वर्षा के दृष्टिगत लखनऊ वासियो के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। जिला प्रशासन द्वारा कहा गया है कि 10 अक्टूबर को भी भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गयी है, इसके दृटिगत सभी लोग पूरी सावधानी बरतें। पुराने जर्जर भवनों से सावधान रहें। अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकले। भीड़ भाड़ वाले व ट्रैफिक जाम वाले क्षेत्रों में जाने से बचे। खुले सीवर, बिजली के तार व खम्भों से बच कर रहें।किसी भी सिविक समस्या यथा जल भराव, वक्षृ पातन इत्यादि हेतु नगर निगम कंट्रोल रूम नम्बर 915105567, 9151055672, 9151055673 पर संपर्क करें। विद्युत् ब्रेकडाउन आदि हेतु हेल्पलाइन नम्बर 1912 पर फोन मिलाएं। पीने के पानी को उबाल कर पियें, नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से ब्लीचिंग पाउडर एवं क्लोरीन की गोलियां प्राप्त कर लें। किसी भी चिकित्सीय आपातकाल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ कंट्रोल रूम 05222622080 पर सम्पर्क करें। अन्य किसी समस्या हेतु इंट्रीग्रेटेड कंट्रोल कमाण्ड सेंटर के नम्बर 0522-4523000 पर समस्या दर्ज कराए।