-पुलिस प्रशासन ने किया पूजा स्थलों का दौरा, भीड़-प्रबंधन, बैरिकेडिंग, लाइटिंग और जल सुरक्षा का लिया जायजा, श्रद्धालुओं से अपील सहयोग की
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी छठ पूजा पर्व को देखते हुए वेव सिटी पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। शुक्रवार को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने थाना वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत विभिन्न छठ पूजा स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं और सुरक्षा उपायों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसीपी ने छठ घाटों पर बनाए जा रहे अस्थाई स्टेज, लाइटिंग, बैरिकेडिंग, भीड़-प्रबंधन, पार्किंग और जलाशयों की सुरक्षा का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस कर्मी लगातार गश्त करें।
एसीपी प्रियाश्री पाल ने कहा कि छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भ्रमणशील रहकर पूजा स्थलों पर निगरानी करेंगे। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए कि घाटों के आसपास यातायात सुचारू रहे और किसी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके अलावा एसीपी ने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन ने इस अवसर पर छठ घाटों पर सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की है ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से सूर्य देव की आराधना कर सकें। इसके लिए घाटों पर भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की पूरी तैयारी की गई है। एसीपी ने अंत में कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं के आराम और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। पुलिस टीम की यह मुस्तैदी श्रद्धालुओं को विश्वास देती है कि वे बेफिक्र होकर भक्ति में लीन हो सकते हैं।

















