सनसनीखेज हत्या का 10 घंटे में पर्दाफाश, एसीपी प्रियाश्री पाल की सतर्कता से खुला खूनी राज

-सैन विहार के नाले में मिला था महिला का शव, आभूषण के लिए प्रेमी ने की थी हत्या

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र अंतर्गत सैन विहार हाईवे किनारे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव नाले में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल शव को बाहर निकलवाया और पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और भय का माहौल बन गया। सहायक पुलिस आयुक्त (वेव सिटी) प्रियाश्री पाल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। उनकी नेतृत्व क्षमता और तेज विवेचना कौशल के चलते पुलिस टीम ने महज 10 घंटे में महिला की शिनाख्त की और हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया। प्रियाश्री पाल ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इनपुट्स के आधार पर तेजी से जांच की। आरोपी तक पहुंचने में सीसीटीवी फुटेज ने बड़ी भूमिका निभाई। पुलिस जांच में मृतका की पहचान दिल्ली निवासी पूजा के रूप में हुई। पूछताछ और जांच में सामने आया कि पूजा और आरोपी नजर मोहम्मद उर्फ राजू नाजिम के बीच चार साल पुरानी दोस्ती थी।

26 जुलाई की रात पूजा आरोपी के कमरे पर पहुंची थी। वहीं आरोपी ने लालच में आकर ईंट से सिर पर वार कर पूजा की हत्या कर दी। प्रियाश्री पाल ने बताया कि पूजा के पास मौजूद सोने-चांदी के गहनों को देखकर आरोपी की नजरें लालच से भर गईं और उसने एक ईंट से वार कर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद शव को स्कूटी के पायदान पर रखकर सैन विहार हाईवे के पास नाले में फेंक दिया। आरोपी को लगा कि पूजा के परिवार में कोई उससे संपर्क में नहीं है, और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी, लेकिन पुलिस की तेजी ने उसकी सोच को नाकाम कर दिया। बुधवार को एसओ प्रीति सिंह की टीम ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट (आलाकत्ल) भी बरामद कर ली है। नजर मोहम्मद उर्फ राजू नाजिम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

साथ ही उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है ताकि यह भी पता चल सके कि वह पूर्व में किसी संगीन वारदात में शामिल तो नहीं रहा। इस पूरे केस में एसीपी प्रियाश्री पाल की प्रभावशाली कार्यशैली, त्वरित निर्णय क्षमता और टीमवर्क की सराहना हो रही है। उनके सटीक नेतृत्व में पुलिस टीम ने जो स्पीड और सटीकता दिखाई, उसने यह साफ कर दिया कि गाजियाबाद पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अपराध पर लगाम लगाने में सक्षम है। सैन विहार हत्याकांड के खुलासे ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब नेतृत्व मजबूत हो और इरादा स्पष्ट, तो कोई भी अपराधी कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता। एसीपी प्रियाश्री पाल ने जिस सूझबूझ और संकल्प के साथ इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया, वह पुलिसिंग की एक अनुकरणीय मिसाल बन चुकी है।