महाराष्ट्र सरकार ने जांच के आदेश दिए
नई दिल्ली। पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट की इमारत में भीषण आग की चपेट में आकर 5 नागरिकों की मौत हो गई है। पुलिस ने इमारत की छठी मंजिल से शव बरामद कर लिए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। उधर, सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला ने ट्वीट कर दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुणे के मेयर मुरलीधर मोहोल ने बताया कि सीरम इंस्टीट्यूट में आग लगने से 5 नागरिकों की जान चली गई है। इमारत की छठी मंजिल से जले शव बरामद किए गए हैं। शवों की शिनाख्त हो गई है। मृतकों की पहचान महेंद्र इंगले (पुणे), रामाशंकर (उत्तर प्रदेश), बिपिन सरोज (उत्तर प्रदेश), सुशील पांडे (बिहार) और प्रतीक पाश्ते (पुणे) के रूप में हुई है। महाराष्ट्र सरकार ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला ने ट्वीट कर कहा कि हमें दुर्घटना से जुड़ी कुछ परेशान करने वाली खबरें मिल रही हैं। जांच में पता चला है कि दुर्घटना में कुछ व्यक्तियों की जान चली गई है। दिवंगत के परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। बता दें कि सीरम इंस्टीट्यूट में बीसीजी टीका बनाने के लिए अलग इमारत है। इस इमारत में आग लगी थी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दस गाडिय़ों को मौके पर भेजा गया था। सीरम इंस्टीट्यूट द्वारा कोरोना वैक्सीन भी तैयार की गई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। उधर, कोरोना वैक्सीनेशन के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी वैक्सीन लगाई जाएगी। आमजन में वैक्सीन के प्रति भरोसा कायम करने को यह कदम उठाया जा रहा है। दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सभी राज्यों के मुख्यमंत्री भी वैक्सीन लगवाएंगे। बताया गया है कि आमजन में कोविड वैक्सीन के प्रति भरोसा कायम करने और डर दूर करने हेतु प्रधानमंत्री मोदी सहित कई नेता वैक्सीन लगवाएंगे।
















