शुक्रताल में शारदा हॉस्पिटल का विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 200 से अधिक मरीजों की हुई जांच

-वार्षिकोत्सव पर तिलकधारी आश्रम में लगा चिकित्सा शिविर, बुजुर्गों के बने आयुष्मान कार्ड

उदय भूमि संवाददाता
शुक्रताल, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के ऐतिहासिक तीर्थ स्थल शुक्रताल में शारदा हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा द्वारा सोमवार को एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर श्री रामानुज कोट तिलकधारी आश्रम, गंगा घाट के निकट आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों, साधु-संतों, बुजुर्गों और महिलाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यह आयोजन तिलकधारी आश्रम के वार्षिकोत्सव के अवसर पर किया गया, जिससे कार्यक्रम को आध्यात्मिक और सामाजिक दोनों ही दृष्टि से विशेष महत्व मिला। आश्रम के महंत स्वामी श्री विष्णु आचार्य जी महाराज ने बताया कि आश्रम के वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में समाजसेवा की भावना के साथ शारदा हॉस्पिटल के सहयोग से यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने में सहायक होते हैं। स्वामी जी ने स्वयं भी शिविर में अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों के इस सेवा भाव की सराहना की। शिविर में शारदा हॉस्पिटल की अनुभवी चिकित्सक टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

डॉक्टर आकाश अवाना, डॉक्टर जयप्रकाश तिवारी और महिला चिकित्सक डॉक्टर अनुपम शर्मा ने 200 से अधिक मरीजों को नि:शुल्क परामर्श दिया। शिविर में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से हड्डियों में कैल्शियम की जांच बीएमडी मशीन द्वारा की गई। इसके साथ ही ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, बॉडी मास इंडेक्स और आंखों में मोतियाबिंद की जांच भी की गई। जांच के बाद मरीजों को आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं, जिससे दूर-दराज से आए लोगों को बड़ी राहत मिली। इस स्वास्थ्य शिविर की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के नि:शुल्क आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए।

इससे बुजुर्गों को भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करने में मदद मिलेगी। बुजुर्गों ने इस पहल के लिए शारदा हॉस्पिटल और आश्रम प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। शिविर में विशेष रूप से साध्वी कांता दीदी जी की उपस्थिति रही, जो निराश्रित एवं असहाय महिलाओं के लिए संचालित आर्य महिला वृद्ध आश्रम, शुक्रताल की संस्थापिका हैं। उनके आश्रम की महिलाओं को डॉक्टर अनुपम शर्मा द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। महिलाओं ने अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को खुलकर साझा किया और चिकित्सकों से उचित सलाह प्राप्त की। साध्वी कांता दीदी जी ने कहा कि ऐसे शिविर असहाय और वृद्ध महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।

शिविर के दौरान शारदा हॉस्पिटल के महाप्रबंधक गौरव पांडेय ने आर्य महिला वृद्ध आश्रम पहुंचकर साध्वी कांता दीदी जी से आशीर्वाद लिया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सहयोग देने की बात कही। शारदा हॉस्पिटल की ओर से महेश चंद शर्मा, दीपक शर्मा, हिमांशु और अभय ने भी शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया। कार्यक्रम के अंत में आश्रम प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने शारदा हॉस्पिटल की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। यह स्वास्थ्य शिविर न केवल चिकित्सा सेवा का उदाहरण बना, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भाव की एक प्रेरणादायक मिसाल के रूप में भी सामने आया।