निकटतम प्रतिद्वंदी को 36 मतों से पराजित किया
अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर रिकॉर्ड किया कायम
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जिला इकाई का चुनाव रविवार को संपन्न हो गया। अध्यक्ष पद पर सिद्धार्थ कौशिक ने निरंतर तीसरी बार जीत दर्ज की है। अपने निकटतम प्रतिद्वंदी संजय कुमार को उन्होंने 36 मतों से पराजित किया। चुनाव में कुल 76 मतदाताओं ने भाग लिया। लेखपाल संघ की जिला इकाई का चुनाव रविवार को सुचारू एवं शांति पूर्ण तरीके से संपन्न करा लिया गया। सदर तहसील में मतदान प्रक्रिया आयोजित की गई। इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर प्रत्यशी सिद्धार्थ कौशिक को सर्वाधिक 55 मत मिले। 
उनके निकटतम प्रतिद्वंदी संजय कुमार को सिर्फ 19 वोट मिल पाए। तीसरे नंबर पर राम सिंह बिरदी रहे। जिन्हें महज 2 वोट मिले। चुनाव अधिकारी अतर सिंह यादव ने बताया कि लेखपाल संघ की जिला कार्यकारिणी के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद पर सिद्धार्थ कौशिक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह, कनिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा, सचिव किरन पाल सिंह गौतम, सह-सचिव आलोक कुमार, कोषाध्यक्ष बनवारी लाल शर्मा व लेखा परीक्षक सुजीत कुमार चुने गए हैं। चुनाव प्रक्रिया में कुल 76 सदस्यों ने भाग लिया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा गया। 
सोशल डिस्टेंसिंग के अलावा मास्क का प्रयोग किया गया। अध्यक्ष पद को छोड़कर बाकी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष समेत वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष और लेखा परीक्षक को नियुक्ति पत्र सांैपकर शपथ दिलाई गई। नवनियुक्त अध्यक्ष सिद्धार्थ कौशिक का कहना है कि लेखपालों से संबंधित समस्याओं के निदान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने फूलों की माला पहनाकर जोरदार स्वागत करते हुए बधाई दी। इस मौके पर सुबोध कौशिक, अनुज चौधरी, विपिन कुमार, संजय कुमार, स्वेता जिंदल, पंकज बरतारिया समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
तीसरी बार लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष
लेखपाल संघ के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ कौशिक ने इसके पहले साल 2016 और 2018 में इस पद पर जीत हांसिल की थी। लेखपालों के बीच अच्छी पकड़ होने के कारण वह निरंतर इस पद पर काबिज हैं। अब वह लेखपाल संघ की प्रदेश कार्यकारिणी का चुनाव लडऩे की तैयारी में हैं। 
लेखपाल संघ के संवर्ग के हितों के लिए वह हमेशा प्रयासरत रहेंगे। सिद्धार्थ कौशिक ने अपने पिछले कार्यकाल में सदर तहसील में लेखपाल भवन का निर्माण कराया था। यह उनकी एक बड़ी उपलब्धि रही है। बता दें कि सिद्धार्थ कौशिक ने तीसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर रिकॉर्ड कायम किया है। कोरोना वायरस महामारी से बचाव के लिए प्रशासनिक व्यवस्था संग उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जिला इकाई जान की परवाह किए बगैर लोगों को संकट से उबारने में जुटी रही थी। क्वारंटाइन सेंटर में रहने वाले लोगों को समय पर भोजन-पानी की व्यवस्था कराने में लेखपाल संघ लगा हुआ था। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ कौशिक ने कहा कोरोनाकाल में जिस तरह साथियों ने उत्सुकता दिखाई है, उससे यहीं संदेश जाता है कि यहां के लेखपाल जरूरतमंदों की मदद कर पुण्य हासिल करने में आगे है।
















