उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ) इंद्रजीत सिंह टीटू ने पार्टी के केंद्र सरकार के साथ गठबंधन को सही समय पर लिया गया दूरदर्शी निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि यह कदम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह जी की राजनीतिक सूझबूझ का परिणाम है, जिसका लाभ अब देश की नई पीढ़ी और सिख समाज को स्पष्ट रूप से मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में शामिल होने के बाद चौधरी जयंत सिंह को जो महत्वपूर्ण मंत्रालय मिला है, उससे किसानों के बच्चों के भविष्य को नई दिशा मिल रही है। युवाओं को स्किल विकास के जरिए बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं। टीटू ने यह भी उल्लेख किया कि जयंत सिंह ने अपनी निधि का एक बड़ा हिस्सा खेल और युवा कल्याण योजनाओं, जैसे कि स्टेडियम निर्माण, आदि के लिए समर्पित किया है।
इंद्रजीत सिंह टीटू ने सिख समाज के हित में उठाए गए हालिया कदमों की सराहना करते हुए कहा कि गठबंधन में शामिल होने के बाद दिल्ली सरकार ने 1984 के दंगा पीडि़तों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र प्रदान किए हैं और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता द्वारा हाल ही में लिए गए फैसले का भी स्वागत किया, जिसमें फ्री बिजली योजना में 1984 के दंगा पीडि़त परिवारों को शामिल किया गया है। उन्होंने इसे एक संवेदनशील और सराहनीय निर्णय बताया। साथ ही यह भी कहा कि 1984 के दोषियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया भी इसी सरकार के कार्यकाल में सक्रिय रूप से आगे बढ़ रही है। टीटू ने पूरे सिख समाज, राष्ट्रीय लोकदल और गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की पूरी कमेटी की ओर से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार प्रकट किया। उन्होंने इन फैसलों को सिख समाज की पीड़ा को समझने और न्याय दिलाने की दिशा में अहम कदम बताया।
















