-एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों ने 90+ पर्सेंटाइल हासिल कर रचा उत्कृष्टता का नया कीर्तिमान
-परिणाम घोषित होते ही परिसर में जश्न, मिठाई बांटकर मनाई खुशी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शैक्षणिक उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल के विद्यार्थियों ने इस वर्ष जेईई मेन्स परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन ने न केवल स्कूल बल्कि पूरे शहर को गौरवान्वित किया है। विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र पार्थ श्रीवास्तव ने 99.96 प्रतिशतक (पर्सेंटाइल) प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने विद्यालय में उत्साह का वातावरण बना दिया। पार्थ की सफलता को समर्पण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया जा रहा है। सिर्फ पार्थ ही नहीं, बल्कि कई अन्य विद्यार्थियों ने भी 90 से अधिक प्रतिशत हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इनमें ईशान गर्ग (99.35 प्रतिशत), शिवम दमानी (99.31 प्रतिशत), शिवम गुप्ता (98.3 प्रतिशत), आर्यन शर्मा (97.6 प्रतिशत), आरव कपूर (96.13 प्रतिशत), दार्शिया शर्मा (95.15 प्रतिशत), आरुष गलियान (94.66 प्रतिशतक), भास्कर यादव (94.43 प्रतिशत), ध्रुव राजपूत (94.3 प्रतिशत), तलिश शर्मा (93.07 प्रतिशत), आर्यन पराशर (91.82 प्रतिशत), स्पर्श कंसल (90.88 प्रतिशत), स्तुति सेठी (90.57 प्रतिशत) एवं अथर्व राज मित्तल (90.17 प्रतिशत) शामिल हैं।
इन सभी विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से उत्कृष्ट रैंक प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी है। विद्यालय परिसर में जैसे ही परिणाम घोषित हुए, खुशी और गर्व का माहौल बन गया। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और शिक्षकों ने उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सुभाष जैन ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सतत सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। वाइस चेयरमैन नमन जैन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत है।
उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्या डॉ. गीता जोशी ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि को विद्यालय की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, उचित मार्गदर्शन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा और मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जेईई मेन्स जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि दृढ़ संकल्प, उचित दिशा और निरंतर प्रयास हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल के विद्यार्थियों ने अपने परिश्रम से यह सिद्ध कर दिया कि सफलता उन्हीं के कदम चूमती है जो उसे पाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करते हैं।
















