सिंघु, टिकरी और यूपी बॉर्डर पर डटे किसान

यूपी गेट के पास हंगामा, पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के खिलाफ किसान आंदोलन बदस्तूर जारी है। इसके चलते दिल्ली के सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। जाम की वजह से आवागमन प्रभावित है। उधर, दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर भी किसानों ने हंगामा किया है। यूपी गेट पर गाजीपुर के पास किसानों ने प्रदर्शन किया। उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग को भी तोड़ दिया। कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलनरत किसान पीछे हटने को राजी नहीं है। किसानों का साफ कहना है कि मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलनकारियों को मनाने की सरकार की कोशिशें सफल नहीं हो पाई हैं। सिंघु और टिकरी बॉर्डर के अलावा दिल्ली-यूपी बॉर्डर के पास भी किसानों का जमावड़ा है। किसानों का नया नारा अब दिल्ली चलो नहीं बल्कि दिल्ली घेरो है। दिल्ली के 5 प्वाइंट पर किसान अब धरना देंगे। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत ठीक नहीं है। भाकियू नेता ने कहा कि बुराड़ी कोई व्हाइट हाउस नहीं है कि किसान वहां चले जाएं। किसान आंदोलन को धीरे-धीरे 5 दिन हो गए हैं, मगर समस्या जस की तस है। सरकार बातचीत करने को तैयार है, मगर किसान दिल्ली बॉर्डर पर अडिग हैं। उनका कहना है कि सरकार को बॉर्डर पर आकर बातचीत करनी होगी। किसान न तो दिल्ली पुलिस द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन स्थल पर जा रहे हैं और ना दिल्ली बॉर्डर से हटने को तैयार हैं। ऐसे में सरकार की परेशानी बढ़ी हुई है। किसानों का आंदोलन अब दिल्ली और उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर आरंभ हो गया है। यूपी गेट पर गाजीपुर के पास उत्तराखंड के किसान भी पहुंच गए हैं। किसानों ने वहां हंगामा कर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। बॉर्डर पर अफरा-तफरी का आलम देखने को मिला। यातायात सामान्य न होने से नागरिकों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।