नए अवतार में नजर आएंगी रील लाइफ की सीता

अगले साल रिलीज होंगी दीपिका चिखलिया की फिल्में

मुंबई। छोटे पर्दे के लोकप्रिय धारावाहिक रामायण की मां सीता यानि दीपिका चिखलिया जल्द बड़े पर्दे पर अभिनय करती नजर आएंगी। फिल्म गालिब और दीनदयाल : एक युग पुरुष में वह अभिनय के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। यह दोनों फिल्म अगले साल की शुरुआत में बड़े पर्दे पर रिलीज करने की तैयारी है। लंबे ब्रेक के बाद दीपिका नए अवतार में दिखाई देंगी। विजयदशमी पर्व पर अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने एक न्यूज चैनल के साथ बातचीत में भविष्य की अपनी योजनाओं की जानकारी दी। लोकप्रिय धारावाहिक रामायण में उन्होंने मां सीता का किरदार निभाया था। इसके बाद उन्हें घर-घर में अलग पहचान मिली। फैंस आज भी दीपिका का काफी आदर-सम्मान करते हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें माता सीता कहकर पुकारा जाता है। दीपिका चिखलिया ने फिल्म गालिब और दीनदयाल : एक युग पुरुष में अभिनय किया है। फिल्म गालिब में वह एक आतंकवादी की बीवी का किरदार निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि अपने फैंस को मैं ये बताना चाहती हूं कि जब आप इस फिल्म को देखेंगे तो मालूम पड़ेगा कि कैसे ये फिल्म समाज को एक अच्छा संदेश देने का काम करती है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म आतंक की राह पर निकले युवाओं का मार्गदर्शन भी करेगी। उन्होंने कहा कि यह दोनों फिल्में इस साल रिलीज होने की उम्मीद नहीं है। चूंकि मेकर्स इन फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज करना चाहते हैं। ऐसे में जाहिर है कि इस साल तो इन फिल्मों को रिलीज नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सीरिसल रामायण में सीता के किरदार को वह भगवान का आशीर्वाद मानती हैं। फैंस उन्हें सोशल मीडिया पर माता सीता, माता रानी या भारत माता जैसे नामों से बुलाते हैं। यह सुनकर वह दिल से खुश हो जाती हैं। हालांकि अपने भीतर जिम्मेदारी का अहसास भी होता है।