गाजियाबाद के निपुण शिक्षक बनायेंगे निपुण विद्यालय: इन्द्र विक्रम सिंह

-निपुण भारत के लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा निपुण कार्यशाला का आयोजन

गाजियाबाद। केंद्र, राज्य और जनपद के सामूहिक प्रयासों से जिले में बच्चों के लिए एक बेहतर स्कूली वातावरण का निर्माण हुआ है। अब हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करने पर होनी चाहिए कि सभी बच्चों में बुनियादी दक्षताओं का विकास हो, ताकि वे अपने शैक्षिक और व्यक्तिगत जीवन में सफलता प्राप्त कर सकें। यह बातें गुरुवार को दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन मेंं निपुण भारत के लक्ष्यों को पूर्ण करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित निपुण कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने कहीं। उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित एएसआरपी, एसआजीएस, डीसीएस, बीईओ और विभागीय सदस्यों को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद देते हुए बताया कि हमें एकजुट होकर आने वाले महीनों में मिलकर गाजियाबाद के निपुण परिणामों को पिछले वर्षों की तुलना में और बेहतर बनाने का प्रयास करना है।

डीएम ने शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलावों को रेखांकित किया और मौजूद प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा जब हमारे शिक्षक निपुण शिक्षक बनेंगे, तभी हमारे बच्चे भी निपुण बन पायेंगे। कार्यशाला जैसे माध्यमों, और अनौपचारिक बातचीत से शिक्षकों को एक दूसरे के अनुभवों से सीखने को मिलता है। उन्होंने बच्चों की समझ के अनुसार उन्हें पढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने हमारे बच्चों और हमारे देश के भविष्य को आकार देने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी बात की और अपने बचपन के अनुभव भी साझा किये कि कैसे उनकी सफलताओं में शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कार्यशाला में उपस्थित सीडीओ अभिनव गोपाल ने सहयोगात्मक पर्यवेक्षण को प्रभावशाली बनाने के लिए एआरपीएस द्वारा उचित फीडबैक और मार्गदर्शन देना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि जनपद में ्रएआरपी, एसआरजी, बीईओएस ने मिलकर काफी काम किया है और कमजोर बच्चों पर फोकस करना, अभिभावक बैठकों में गुणवत्ता लाना जैसी पहल की है, जो कि काफी सराहनीय है। उन्होंने एआरपीएस का प्रोत्साहन किया और निपुण के अंदर जिले की प्रगत्ति को प्राथमिकता देने को कहा। साथ ही साथ उन्होंने विभाग को एनएटी और एनएएस परीक्षा से संबंधित तैयारियां और परिणाम पर ध्यान देने और सुचारु रूप से परीक्षा कराने का निर्देश दिया। बीएसए ओपी यादव ने प्रतिभागियों को मिशन मोड पर दृढ निश्चय के साथ काम करने के लिए निर्देश दिया और प्रतिभागियों से आगामी एनएटी और एनएएस परीक्षा के विषय में कुछ जानकारी साझा की।

उन्होंने जनपद के बेहतर परिणामों की अपेक्षा जताई और सबको मिल कर काम करने का आह्वान किया। कार्यशाला का संचालन एसआरजी पूनम शर्मा, देवनकुर, जिला समन्यवक अरविंद कुमार, रुचि त्यागी, राकेश एवं डीआईईटी मेंटर पिंटू द्वारा किया गया। जिसमें जनपद की निपुण सेल की टीम जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी,डीआईईटी मेंटर एआरपी, एसआरजी जिला समन्वयक मौजूद थे।