एसपी सिटी अभिषेक वर्मा का तबादला, निपुण बने एसपी

गाजियाबाद। उप्र प्रदेश शासन ने मंगलवार को 4 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इसी क्रम में एसपी सिटी अभिषेक वर्मा का लखनऊ स्थानांतरण कर दिया गया है। अभिषेक की जगह शासन ने अपर पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर निपुण अग्रवाल को गाजियाबाद में तैनात किया है। बता दें कि एसपी सिटी अभिषेक वर्मा का करीब 6 माह का कार्यकाल ही जनपद में रहा। प्रदेश शासन ने उनका तबादला कर परिसहाय राज्यपाल के पद पर नियुक्त किया है। आईपीएस अधिकारी निपुण अग्रवाल शुक्रवार या शनिवार को एसपी सिटी के रूप में कार्यभार संभाल सकते हैं। गाजियाबाद के एसपी सिटी के रूप में अभिषेक वर्मा का काफी अच्छा कार्यकाल रहा। उन्होंने रात्रिकालीन गश्त पर जोर दिया था। इससे रात्रि में आपराधिक वारदातों में कमी आई थी। कई बड़े मामलों का उन्होंने खुलासा किया।