गौतमबुद्ध नगर। त्योहारी सीजन में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए एक बार फिर से विशेष प्रवर्तन का आगाज हो गया है। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत शराब तस्करों को निपटाने के लिए आबकारी विभाग ने भी अपना डंडा चलाना शुरु कर दिया है। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। त्योहार कोई भी हो मादक पदार्थों की मांग सबसे अधिक रहती है। शराब माफिया का नेटवर्क और काम करने का तरीका भी बहुत ही सधा हुआ है। मगर उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने में पर आबकारी विभाग ने मुकाम हासिल किया है।
अवैध शराब का कारोबार करने वाले तस्करों का दिमाग इतना शातिर है, जिसे समझ पाना बहुत मुश्किल है। शराब माफिया आबकारी विभाग एवं पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए ना सिर्फ तस्करी में बल्कि छिपाने में नए-नए पैंतरे अपना रहे है। मगर उसे दस कदम आगे बढ़कर जिले की आबकारी विभाग की टीम अपनी कार्रवाई को अंजाम देती नजर आ रही है।
उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाये जाने के लिए जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया रविवार को आबकारी निरीक्षक निरीक्षक आशीष पाण्डेय, डॉ. शिखा ठाकुर, रवि जायसवाल, अभिनव शाही, चन्द्रशेखर सिंह, नामवर सिंह एवं गौरव चन्द की टीम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई। टीम द्वारा ईस्टर्न पेरिफेरल स्थित कासना टोल प्लाजा एवं दिल्ली बॉर्डर पर स्थित कालिंदी कुंज चेक पोस्ट पर वाहनों की चेकिंग की गई।
साथ ही टीम द्वारा जनपद स्थित होटल/रेस्टोरेंट बारों की भी चेकिंग की गई। सभी होटल/रेस्टोरेंट बार संचालकों को उनके परिसर में अन्य प्रांत की शराब पाये जाने एवं बिना लाइसेंस शराब पिलाए जाने की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई। जनपद की आबकारी टीम ने फुटकर दुकानों एंव मॉडल शॉप का निरीक्षण किया। दुकानों पर गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज कराया गया। साथ ही दुकानों पर पॉस मशीन से स्कैन करने के बाद ही शराब बिक्री के निर्देश दिए गए। विक्रेताओं को पेटीएम, गूगल पे से ही बिक्री करने के लिए कहा गया।
हरियाणा शराब समेत तस्कर गिरफ्तार
आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत अवध शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया रविवार को सूचना मिली सेक्टर-63 में बंद पेट्रोल पंप के पास झुग्गी-झोपड़ी में एक व्यक्ति अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 अभिनव शाही की टीम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। टीम द्वारा मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। जहां अनवर कुमार पुत्र शर्मा प्रसाद अवैध रुप से हरियाणा शराब की बिक्री करते हुए पाया गया। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ ही तस्कर के कब्जे से हरियाणा मार्का फ्रेश मोटा 122 पव्वे बरामद किया गया।


















