गौतमबुद्ध नगर। अवैध शराब के कारोबार को गौतमबुद्ध नगर को मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से यूपी मार्का के शराब के पव्वे बरामद किया है। पकड़ा गया तस्कर लाइसेंसी शराब की दुकान से शराब खरीदकर उक्त शराब को दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में तस्करी करता था। त्योहार हो या फिर चुनाव शासन स्तर से हर बार अवैध शराब के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाता है। जिसमें आबकारी विभाग की टीम के साथ-साथ प्रवर्तन मेरठ एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ पुलिस भी कार्रवाई करती है। मगर शासन स्तर से चलाए जा रहे अभियान से हटकर भी आबकारी विभाग की टीम अपना रोज अभियान चलाती है। अभियान के तहत जहां शराब की दुकान पर ओवर रेटिंग कर रहे शराब विक्रेताओं को सबक सिखाया जाता है तो वहीं बाहरी राज्य से शराब लाकर तस्करी करने वालों पर कार्रवाई की जाती है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी टीमें अपने-अपने क्षेत्र में शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश एवं वाहन की चेकिंग कर रही है। इसके अलावा टीम द्वारा अवैध शराब के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। जिससे लोग जागरूक हो सकें और आबकारी विभाग का कार्रवाई में सहयोग कर सकें। बुधवार तड़के आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय एवं थाना बादलपुर की संयुक्त टीम द्वारा संदिग्ध स्थलों पर दबिश की गई। दबिश के दौरान थाना बादलपुर स्थित दुरयाई गिरधरपुर लिंक मार्ग के पास अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे विभु पुत्र धर्मवीर कोरी निवासी सूर्या सिटी जेपीएस स्कूल के पास बादलपुर को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से 45 टेट्रा पैक कैटरीना देशी शराब यूपी मार्का बरामद किया गया।
जिसके खिलाफ थाना बादलपुर में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। इसके अलावा आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-6 नामवर सिंह की टीम द्वारा मंडीश्यामनगर, बिलासपुर मोड़, बिलासपुर दनकौर स्थित देशी, विदेशी एवं बियर एवं मॉडल शॉप की दुकानों का निरीक्षण किया गया एवं कैंटीन की गहनता से चेकिंग की गयीं। सभी दुकानों पर नियमों को सुनिश्चित कराने के साथ ही दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज करवाया जा रहा हैं। निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर बिक्री न करने की चेतावनी भी दी गई। साथ ही सभी सभी विक्रेताओं को दुकानों पर सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सहित संचालित हो इसके निर्देश दिए गए। पॉश मशीन से स्कैन करने के बाद ग्राहकों को शराब दें और अधिक से अधिक ऑनलाइन पेमेंट लेने के लिए भी कहा गया।

















