-सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सभी बीएलओ सक्रिय रहेंगे
-संशोधन या नए नामांकन के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की व्यवस्था
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत रविवार 10 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट ने बताया कि बीएलओ उपस्थित होकर प्रकाशित मतदाता सूची को मतदाताओं के सामने पढ़ेंगे। इस अवसर पर ग्राम सभा एवं वार्ड सभा स्तर पर भी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें बीएलओ मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है या उसमें सुधार की आवश्यकता है, तो संबंधित मतदाता फॉर्म-6 और घोषणा पत्र (नए मतदाताओं के लिए), फॉर्म-7 (नाम हटाने के लिए) और फॉर्म-8 मय घोषणा पत्र (संशोधन/स्थानांतरण के लिए) भरकर आवश्यक दस्तावेज के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दावे और आपत्ति की अवधि 6 फरवरी 2026 तक रहेगी। फॉर्म मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारी और बीएलओ से प्राप्त कर भरे जा सकते हैं। इसके अलावा तहसील कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय से फॉर्म प्राप्त करना भी संभव है। इच्छुक मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के ऐप और वेबसाइट के माध्यम से भी फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 ऑनलाइन भरकर जमा कर सकते हैं।
इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और सभी पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करना है। सौरभ भट्ट ने बताया कि इस पुनरीक्षण से मतदाता अधिकार सुनिश्चित होंगे और आगामी चुनावों में सभी योग्य मतदाता अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे।
















