यमुना सिटी में हाईटेक सेक्टर डेवलप करने को लेकर सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह की खास प्लानिंग अब नहीं रुकेंगे सेक्टर के आंतरिक विकास

-सेक्टर के विकास कार्यों को बड़ कंपनी से करवाया जाएगा, तैयार हो रही है रणनीति

विजय मिश्रा ( उदय भूमि )
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह की इस नई पहल से सेक्टर के आंतरिक विकास में कोई बाधा नहीं आएगी। सेक्टर के सभी काम सीवर, पानी, बिजली, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट समेत सभी काम एक ही कंपनी से कराए जाएंगे। इसके लिए बड़ी कंपनी का चयन किया जाएगा। इस पहल से विकास कार्यों की निगरानी में भी आसानी रहेगी और काम समय पर व गुणवत्तापूर्ण हो सकेंगे। यमुना प्राधिकरण 18 नये सेक्टर विकसित करने की योजना बना रहा है। इसके लिए जमीन खरीदी जा रही है। जमीन खरीदने के बाद सेक्टर के आंतरिक विकास कराए जाएंगे। प्राधिकरण अभी तक आंतरिक विकास कार्य अलग-अलग कंपनियों से करवाता है। किसी को सड़क तो किसी को बिजली-पानी का काम दिया जाता है। ऐसे में काम करने में समय लगता है। साथ ही प्राधिकरण को दर्जनों ठेकेदारों के काम की निगरानी करनी पड़ती है। इस समस्या के समाधान के लिए यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बड़ी पहल की है।

इसमें लागू होंगे ये नियम
सीईओ ने बताया कि 2041 के मास्टर प्लान में जो नये सेक्टर विकसित किए जा रहे हैं, उनमें एक ही कंपनी से काम कराए जाएंगे। टाटा, एलएंडटी जैसी कंपनियों को काम दिया जाएगा। इन कंपनियों से सीवर, पानी, बिजली, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, पानी की टंकी, एसटीपी, जलशोधन संयंत्र आदि काम कराए जाएंगे। प्राधिकरण को सिर्फ एक बार कंपनी का चयन करना है और फिर सारे काम वही कंपनी करेगी। इससे कम समय में अधिक काम हो सकेंगे। साथ ही विकास कार्यों को लंबित नहीं किया जा सकेगा। सीईओ ने कहा कि आगामी बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव रखा जाएगा और इसको पास कराया जाएगा। प्रस्ताव पास होने के बाद इस पर काम किया जाएगा।

विकसित हो रहे सेक्टर के कामों का होगा ऑडिट
यमुना प्राधिकरण में तमाम सेक्टर विकसित किए जा रहे हैं। किसी सेक्टर में आंतरिक विकास रुका है तो किसी में सड़क का काम अधूरा है। कुछ आवंटियों को भूखंड नहीं मिल पाए हैं। कुछ ऐसे भी आवंटी हैं जिनको लीज प्लान तो मिल गया, लेकिन रजिस्ट्री नहीं हो पाई हैं। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि इन सभी का ऑडिट कराया जाएगा। ताकि सभी डाटा मिल सके। इसके बाद सितंबर तक इन सभी कामों को पूरा करा दिया जाएगा। सभी आवंटियों को भूखंड पर कब्जा, लीज प्लान देना, सेक्टर के आंतरिक विकास के काम भी करा दिए जाएंगे।

एक क्लिक पर मिलेगी जानकारी
यमुना प्राधिकरण के सेक्टरों से लेकर संपत्ति की जानकारी जल्द ही माउस के क्लिक पर उपलब्ध होगी। जियो टैगिंग के जरिये सड़क, बिजली लाइन से लेकर परियोजना की स्थिति और किसी भी भूखंड की लोकेशन की जानकारी मिल सकेगी। प्राधिकरण नक्शा व ढांचागत सुविधाओं को ऑनलाइन करने जा रहा है। लोगों की सुविधा के लिए प्राधिकरण नियोजित क्षेत्र की जानकारी ऑनलाइन करने की तैयारी कर रहा है। इसमें भूखंड, ढांचागत सुविधाएं, परियोजना आदि की जियो टैगिंग की जाएगी। प्राधिकरण क्षेत्र में संपत्ति खरीदने वाले, आवंटी से लेकर निवेशक माउस के क्लिक पर जानकारी हासिल कर सकेंगे।